'अब बांग्लादेश की जमीन पर लौटने का समय आ गया है...' शेख हसीना ने दिल्ली से कर दिया बड़ा ऐलान
शेख हसीना ने बाग्लादेश लौटने का फैसला कर लिया है. दिल्ली में हुई मीटिंग के बाद यह ऐलान किया गया है...
ढाका: बंग्लादेश से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. देश में एक के बाद एक भूचाल लगातार आ रहे हैं. इसी बीच दिल्ली में बैठी शेख हसीना ने अब चुप बैठने के बजाय आर-पार की लड़ाई का फैसला ले लिया है. उन्होंने बांग्लादेश लौटने के फैसले के साथ-साथ तारिक रहमान की सरकार को भी सीधा चैलेंज दे डाला है.
"हमें अपने वतन लौटना होगा": शेख हसीना
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ मीटिंग की. वह मंगलवार को ढाका में अवामी लीग वर्किंग कमेटी की मीटिंग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश लौटने को लेकर एक बड़ा ऐलान किया. शेख हसीना ने कहा, "मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार हो जाओ. अब सभी को अपने वतन लौटना होगा और लड़ने के लिए सड़कों पर उतरना होगा." उन्होंने आगे कहा, "अपना बैग पैक करो, अब देश लौटने और सड़कों पर उतरने का समय है."
बांग्लादेश चुनावों को बताया नकली
शेख हसीना ने ऐसे समय में लौटने की बात कही है जब उन्हें बांग्लादेश में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है. उनकी पार्टी पर कई पाबंदियां लगी हैं. अपने बयान में हसीना ने हाल के बांग्लादेश चुनावों को पूरी तरह से खारिज करते हुए उन्हें मजाक बताया और दावा किया कि जनता ने वोटिंग का बायकॉट किया. उन्होंने कहा कि 60 प्रतिशत वोटिंग का आंकड़ा पूरी तरह से नकली है क्योंकि चुनाव से पहले ही बैलेट बॉक्स भर दिए गए थे.
तारिक रहमान के लिए एक मैसेज
हसीना ने मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार और तारिक रहमान के दबदबे वाले सिस्टम को सीधे चुनौती दी है. अपनी पार्टी पर लगे बैन को "गैर-कानूनी" बताते हुए उन्होंने कहा कि यूनुस सरकार खुद गैर-कानूनी है और इसलिए उसके आदेश बेमतलब हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अवामी लीग पर से बैन नहीं हटाया, तो पार्टी अपनी स्ट्रैटेजी खुद तय करेगी और कड़े कदम उठाएगी.
पार्टी वर्कर्स में भरा जोश
हसीना के कॉन्फिडेंस ने पार्टी वर्कर्स में फिर से जोश भर दिया है. अब पॉलिटिकल गलियारों में इस बात पर चर्चा ज़ोरों पर है कि क्या हसीना सच में बांग्लादेश लौटने वाली हैं और क्या वहां एक बार फिर बड़े पैमाने पर हिंसा या विरोध प्रदर्शन होने वाले हैं.