'वह केवल हथकड़ी पहनकर ही वापस आ सकती हैं', शेख हसीना की वापसी पर ढाका का बयान

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को स्वदेश लौटना चाहती हैं हालांकि, ढाका सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनकी वापसी भारत से प्रत्यर्पण के जरिए ही संभव होगी.

X/ANI
Sagar Bhardwaj

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग प्रमुख शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है. हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं, लेकिन ढाका सरकार ने उनके इस इरादे पर सख्त रुख अपनाया है. बांग्लादेश का कहना है कि हसीना की वापसी तभी संभव है, जब भारत उन्हें प्रत्यर्पित करे.

'हथकड़ी पहनकर कैदी के रूप में लौटना होगा'

बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि शेख हसीना की अगले महीने स्वदेश लौटने की इच्छा और वास्तविक परिस्थितियों में काफी अंतर है. उन्होंने विदेश मंत्रालय में एक ब्रीफिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर हसीना वापस आती हैं तो उन्हें हथकड़ी पहनकर एक कैदी के रूप में आना होगा.

भारत से प्रत्यर्पण पर होगी बातचीत

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना एवं प्रसारण मामलों के सलाहकार जाहिद उर रहमान ने भी स्पष्ट किया कि हसीना की वापसी को लेकर उनसे कोई बातचीत नहीं होगी. इस मुद्दे पर भारत सरकार से चर्चा की जाएगी..उन्होंने कहा कि शेख हसीना एक दोषी अपराधी हैं और उनके सहयोगी भी भारत में मौजूद हैं. उन्हें वापस लाने के तरीके, विमान से आने या किसी अन्य रास्ते से आने और उन्हें बांग्लादेश को सौंपने जैसे मुद्दों पर भारत से बातचीत होगी.


बांग्लादेश के दूतावासों में भी गिरफ्तार हो सकती हैं हसीना

बांग्लादेश की विदेश मामलों की दूसरी राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने भी हसीना को लेकर सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा कि विदेशों में मौजूद बांग्लादेश के सभी 84 राजनयिक मिशनों को बांग्लादेश का क्षेत्र माना जाता है, अगर हसीना इनमें से किसी भी मिशन में पहुंचती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हसीना को दोषी ठहराया जा चुका है और उनके खिलाफ मानवाधिकार उल्लंघन के कई आरोप हैं. विदेश भाग चुके अन्य दोषियों पर लागू होने वाले बांग्लादेश के कानून उनके मामले में भी लागू होंगे.

भारत-बांग्लादेश सीमा पर वापसी के रास्ते तलाश रहे अवामी लीग नेता

इस बीच, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, निर्वासन में रह रहे अवामी लीग के कुछ नेता और हसीना के करीबी उनकी वापसी के समर्थन में जुटे हैं. वे भारत से बांग्लादेश पहुंचने के संभावित रास्तों की भी तलाश कर रहे हैं. 'द डेली स्टार' की 22 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में रह रहे अवामी लीग के चार वरिष्ठ नेताओं ने पश्चिम बंगाल स्थित पेट्रापोल सीमा चौकी का दौरा किया. बताया गया कि उन्होंने हसीना की संभावित वापसी के रास्तों का जायजा लिया. पेट्रापोल भारत की ओर स्थित है, जबकि सीमा के दूसरी तरफ बांग्लादेश का बेनापोल क्षेत्र है.

2024 के विरोध प्रदर्शनों के बाद भारत में रह रही हैं हसीना

शेख हसीना 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल हो गई थीं. इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं. जुलाई 2024 के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर उन पर मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप लगे थे. नवंबर 2025 में बांग्लादेश के एक ट्रिब्यूनल ने उनकी गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाते हुए उन्हें दोषी ठहराया और मौत की सजा सुनाई थी.

16 दिसंबर को वापसी की जताई इच्छा

रॉयटर्स को दिए गए बयान में शेख हसीना के प्रवक्ता ने बताया कि अवामी लीग प्रमुख 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. इसके लिए उन्होंने सरकारी विमान उपलब्ध कराने की मांग भी की है. हालांकि, बांग्लादेश सरकार के ताजा बयानों से साफ है कि उनकी वापसी का रास्ता आसान नहीं होने वाला है.