सऊदी अरब में बड़ा हादसा, अरामको का हेलीकॉप्टर क्रैश होने से 14 लोगों की मौत
सऊदी अरब के रास तनुरा में सऊदी अरामको का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से 14 लोगों की मौत हो गई.
सऊदी अरब के रास तनुरा में रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ, जब सऊदी अरामको का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में 14 लोगों की जान चली गई. सभी मृतक सऊदी नागरिक बताए गए हैं. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं.
रास तनुरा में सुबह हुआ हादसा
रविवार सुबह करीब 6 बजे रास तनुरा क्षेत्र में सऊदी अरामको का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सऊदी राज्य समाचार एजेंसी के अनुसार, इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी मृतक सऊदी अरब के नागरिक थे. दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी.
ऊर्जा मंत्रालय ने जताया दुख
हादसे के बाद सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया. मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि सभी दिवंगत लोगों के लिए ईश्वर से दया और क्षमा की प्रार्थना की गई है. साथ ही उनके परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत देने की कामना की गई. दूसरी ओर, जांच एजेंसियां हेलीकॉप्टर के तकनीकी रिकॉर्ड, उड़ान की स्थिति और अन्य जरूरी पहलुओं की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि बिना जांच पूरी हुए दुर्घटना के कारणों पर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा.
Also Read
तेल कारोबार के बीच हुआ हादसा
रास तनुरा पश्चिम एशिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में शामिल है और इसका संचालन सऊदी अरामको करती है. खास बात यह है कि कुछ महीने के अंतराल के बाद अरामको ने हाल ही में अपने रास तनुरा टर्मिनल से कच्चे तेल की लोडिंग फिर शुरू की थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की बढ़ती मांग और क्षेत्रीय हालात के बीच यह टर्मिनल फिर से पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा था.