रूस-यूक्रेन युद्ध में 4.60 लाख से ज्यादा रूसी सैनिकों की मौत, 1,000 से अधिक ने की आत्महत्या

रूस-यूक्रेन युद्ध में सितंबर 2026 तक 4.60 लाख से अधिक लोगों की मौत का दावा किया गया है. इनमें 1,000 से ज्यादा रूसी सैनिकों ने आत्महत्या की है.

@ZelenskyyUa
Sagar Bhardwaj

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने रूसी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है. इस बीच सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने से लेकर सितंबर 2026 तक 4.60 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है. इनमें 1,000 से ज्यादा रूसी सैनिकों की मौत आत्महत्या के कारण हुई.

'फाइनेंशियल टाइम्स' और 'द गार्जियन' ने रूस की सरकारी सांख्यिकी एजेंसी रोसस्टैट के लीक हुए दस्तावेजों का विश्लेषण कर ये आंकड़े सामने रखे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध में लगातार हो रही मौतों के कारण रूस के सामने सैनिकों की कमी के साथ जनसंख्या संबंधी संकट भी गहराता जा रहा है.

2025 में सबसे ज्यादा रूसी सैनिकों की मौत

रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध के पहले साल करीब 20 हजार रूसी सैनिकों की मौत हुई थी. 2023 में यह संख्या बढ़कर 50 हजार हो गई, जबकि 2024 में लगभग 1.34 लाख सैनिक मारे गए. साल 2025 रूस के लिए सबसे घातक साबित हुआ. इस दौरान करीब 2 लाख सैनिकों की मौत दर्ज की गई. इसका औसत प्रतिदिन लगभग 548 सैनिक बैठता है. वहीं, 2026 में मारे गए रूसी सैनिकों में करीब 20 फीसदी की उम्र 50 साल से अधिक थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद रूस या सोवियत संघ के किसी युद्ध में इतनी बड़ी संख्या में सैनिकों की मौत नहीं हुई थी.


रूसी सैनिकों में आत्महत्या के मामले भी बढ़े

युद्ध के दौरान रूसी सेना में आत्महत्या के मामलों में भी तेजी आई है. फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, फरवरी 2022 से सितंबर 2026 के बीच कम से कम 1,229 रूसी सैनिकों ने आत्महत्या की. वहीं, द गार्जियन के विश्लेषण में आत्महत्या के 1,087 मामले सामने आए. इसके अलावा 885 मौतों को ऐसी गोली लगने की घटनाओं के रूप में दर्ज किया गया, जिनके पीछे का इरादा स्पष्ट नहीं था.

आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में आत्महत्या के 235 मामले दर्ज हुए. 2024 में यह संख्या करीब 300 और 2025 में बढ़कर 371 हो गई. आत्महत्या के 600 से अधिक मामले यूक्रेन के उन चार क्षेत्रों में सामने आए, जहां रूस का आंशिक कब्जा है और भीषण लड़ाई जारी है.

युद्ध के दबाव और खतरनाक मिशन से परेशान सैनिक

रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी सैनिकों पर अपने साथियों और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का दबाव भी है. इसके अलावा बेहद खतरनाक सैन्य अभियानों पर भेजे जाने का डर उनकी मानसिक स्थिति को प्रभावित कर रहा है. रूसी सैनिकों को सेना छोड़ने का कानूनी रास्ता नहीं मिलने के कारण भी निराशा बढ़ रही है. सैनिकों को सेना छोड़ने में मदद करने वाले संगठन 'गेट लॉस्ट' के निदेशक ग्रिगोरी स्वेर्दलिन ने फाइनेंशियल टाइम्स से कहा कि कई लोग लड़ना नहीं चाहते, लेकिन रूसी सेना में शामिल होने के बाद उनके पास बाहर निकलने का कोई कानूनी विकल्प नहीं है.

कैसे सामने आए मौत के ये आंकड़े?

ये आंकड़े 1.1 करोड़ से अधिक मृत्यु प्रमाणपत्रों के एक बड़े डेटाबेस के विश्लेषण पर आधारित हैं. इसे बेलारूस के विपक्ष से जुड़े हैकिंग समूह साइबर पार्टिजन्स और यूक्रेनी हैकर समूह साइलेंट क्रो ने हासिल किया था. हालांकि, वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है. रूस सरकार ने सितंबर 2022 के बाद आधिकारिक सैन्य मौतों के आंकड़े अपडेट नहीं किए हैं. उस समय उसने 5,937 सैनिकों की मौत की जानकारी दी थी. आत्महत्या के आंकड़ों को भी सार्वजनिक नहीं किया जाता और सैन्य नुकसान को सरकारी गोपनीयता के दायरे में रखा जाता है.

49 हजार से ज्यादा सैनिकों पर भगोड़ा होने का आरोप

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कई लापता सैनिकों की मौत का रिकॉर्ड महीनों या वर्षों बाद दर्ज होता है. ऐसा तब होता है, जब उनके शव मिलते हैं या अदालत उन्हें मृत घोषित करती है. कुछ मौतें सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज ही नहीं हो पातीं.

वहीं, द गार्जियन के हवाले से बताया गया है कि रूसी सेना के कम से कम 49 हजार सैनिकों को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है. इनमें वे सैनिक शामिल हैं, जिन्होंने सैन्य सेवा करने से इनकार किया या बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहे.