अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को बातचीत के लिए दी गई डेडलाइन का काउंटडाउन शुरू हो गया है. इसी बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि अपने देश को बचाने के लिए ईरान की जनता अपना बलिदान देने के लिए तैयार है. एक्स पर उन्होंने कहा कि वह खुद भी अपने देश के लिए मर-मिटने को तैयार हैं.
पेजेश्कियान ने लिखा, '14 करोड़ से ज्यादा गर्वित ईरानियों ने ईरान की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने की तत्परता व्यक्त की है. मैं भी ईरान के लिए बलिदान देना वाला रहा हूं और रहूंगा.'
بیش از ۱۴ میلیون ایرانی غیور تا این لحظه اعلام آمادگی کردهاند جان خود را برای دفاع از ایران فدا کنند. من نیز جانفدای ایران بودهام، هستم و خواهم بود.#جان_فدا
— Masoud Pezeshkian (@drpezeshkian) April 7, 2026
इससे पहले ईरान के उप खेल मंत्री अलीरेजा रहीमी ने देश के एथलीटों और कलाकारों से बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाने का आह्वान किया था. उन्होंने इसे ट्रंप की ओर से किए जाने वाले संभावित हमलों को रोकने के लिए एक प्रतीकात्म और शारीरिक प्रयास बताया था.
एक वीडियो संदेश में उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों, कलाकारों, छात्रों और फैकल्टी मेंबरों को मंगलवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे बिजली संयंत्रों के पास इकट्ठा होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि ये हमारी संपत्ति और हमारा सामान है.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बातचीत की टेबल पर आने के लिए मंगलवार रात 8 बजे तक का समय दिया था. जिसे समाप्त होने में मात्र डेढ़ घंटे बाकी हैं. ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान से बातचीत विफल होती है तो वो इस मुस्लिम देश को नरक बना देंगे. उन्होंने कहा था कि ईरान के पावर प्लांटों और पुलों पर बड़े पैमाने पर हमले किए जाएंगे. सोमवार को उन्होंने कहा कि हम इन सुविधाओं को ऐसे तबाह करेंगे कि ईरान फिर कभी भी उनका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा.