menu-icon
India Daily

कतर के रास लाफान गैस प्लांट में बड़ा विस्फोट, 54 घायल-18 लापता

रविवार रात कतर के सबसे महत्वपूर्ण नैचुरल गैस निर्यात टर्मिनल में जोरदार विस्फोट हो गया. यह घटना तब हुई जब ईरान के हमले के बाद कामकाजी लोग प्लांट को दोबारा शुरू करने की कोशिश कर रहे थे.

Shilpa Shrivastava
कतर के रास लाफान गैस प्लांट में बड़ा विस्फोट, 54 घायल-18 लापता
Courtesy: X (@posted_news)

दोहा: रविवार रात कतर के सबसे महत्वपूर्ण नैचुरल गैस निर्यात टर्मिनल में जोरदार विस्फोट हो गया. यह घटना तब हुई जब ईरान के हमले के बाद कामकाजी लोग प्लांट को दोबारा शुरू करने की कोशिश कर रहे थे. इस दुर्घटना में कम से कम 54 लोग घायल हो गए और 18 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस ब्लास्ट से आग लग गई. कतर की सरकारी कंपनी कतार एनर्जी ने इसकी पुष्टि की. इस प्लांट को बारजान गैस सप्लाई सुविधा कहा जाता है. 

ईरान के हमले के कारण कतर पहले ही अपना गैस उत्पादन बंद कर चुका था, क्योंकि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर ईरान का कब्जा था, गैस जहाज बाहर नहीं जा पा रहे थे. अब जब बातचीत चल रही है और ईरान ने थोड़ी ढील दी है, तब कतर प्लांट फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा था. उसी दौरान यह विस्फोट हुआ.

कितनी है प्लांट की क्षमता:

बरजान प्लांट की क्षमता लगभग 1.4 बिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट सेल्स गैस प्रति दिन थी. यह गैस मुख्य रूप से बिजली बनाने और समुद्र के पानी को पीने लायक बनाने (डेसैलिनेशन) के काम आती थी. इस प्लांट में ज्यादातर हिस्सा कतर का है, जबकि थोड़ा सा हिस्सा अमेरिकी कंपनी एक्सॉनमोबिल के पास भी है.

कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल:

मार्च में भी ईरानी मिसाइल ने रास लाफान पर हमला किया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था. कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल है. इसी गैस की कमाई से कतर ने 2022 फीफा वर्ल्ड कप आयोजित किया, अल जजीरा न्यूज चैनल बनाया और दुनिया भर में मध्यस्थता का काम करता है. वर्तमान में कतर ही अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड में चल रही बातचीत का मध्यस्थ भी है. इस विस्फोट से वैश्विक ऊर्जा बाजार में फिर से अनिश्चितता बढ़ सकती है.