Pope Francis Dies: ईसाइयों के धर्मगुरु पोप फ्रांसिस से जब PM मोदी ने की थी मुलाकात, भारत आने का दिया था निमंत्रण

Pope Francis Dies: वेटिकन ने सोमवार को बताया कि रोमन कैथोलिक चर्च के पहले लैटिन अमेरिकी नेता पोप फ्रांसिस का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया.

@narendramodi
Gyanendra Tiwari

Pope Francis Dies: कैथोलिक चर्च सर्वोच्च धर्मगुरु और ईसाइयों के सबसे बड़े धार्मिक गुरु पोप फ्रांसिस का सोमवार की सुबह निधन हो गया. उन्होंने 88 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से डबल निमोनिया से जूझ रहे थे. वेटिकन के 'कासा सांता मार्टा' स्थित निवास में पोप फ्रांसिस ने सोमवार की सुबह करीब 7:35 बजे अंतिम सांस ली. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया. पीएम मोदी ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस से मिल भी चुके हैं. उन्होंने अक्टूबर 2021 में वेटिकन सिटी में पोप से मुलाकात की थी. इस दौरान दोनों नेताओं ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें कोविड-19 महामारी, वैश्विक शांति और समाजसेवा जैसे विषय शामिल थे. यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पोप फ्रांसिस से पहली सीधी भेंट थी, जो 2013 से कैथोलिक चर्च के प्रमुख पद पर थे.

G7 सम्मेलन में फिर हुई मुलाकात, पीएम मोदी ने भारत आने का दिया था निमंत्रण

साल 2024 में, इटली के अपुलिया में आयोजित G7 सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और पोप फ्रांसिस एक बार फिर मिले. इस बार दोनों नेताओं ने एक गर्मजोशी भरा आलिंगन किया और सौहार्दपूर्वक बातचीत की. इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पोप फ्रांसिस को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण दिया. भारत एशिया में दूसरा सबसे बड़ा कैथोलिक आबादी वाला देश है, ऐसे में यह निमंत्रण खास मायने रखता है.

जर्मनी के भावी चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने उन्हें 'न्याय और सुलह के लिए समर्पित नेता' बताया. इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने उन्हें "शांति और करुणा से भरे एक गहरे आस्था वाले व्यक्ति" के रूप में याद किया.

यूरोपीय संघ की अध्यक्ष रोबर्टा मेत्सोला ने कहा, “'पीपल्स पोप' पोप फ्रांसिस का मुस्कुराता चेहरा दुनियाभर के लोगों के दिलों को छू गया. वे जीवन, शांति, समानता और सामाजिक न्याय के प्रतीक बनकर रहेंगे."