'30 साल पुराना कीवी शख्स का तोहफा आज भी मेरे पास...', न्यूजीलैंड में पीएम मोदी ने सुनाया पुराना किस्सा

ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 से 30 साल पुरानी न्यूजीलैंड यात्रा की भावुक याद साझा की.

@ANI X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने न्यूजीलैंड दौरे के दौरान ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए एक भावुक याद साझा की, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया. उन्होंने करीब 25 से 30 साल पहले की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय एक न्यूजीलैंड निवासी ने उन्हें एक मफलर, टोपी और दस्ताने भेंट किए थे. प्रधानमंत्री ने कहा कि वह मफलर आज भी उनके पास सुरक्षित है और उन्होंने उसी मफलर को इस कार्यक्रम में पहन रखा है.

ऑकलैंड में आयोजित भारतीय समुदाय के सम्मान समारोह में प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया गया. कार्यक्रम में भारतीय और न्यूजीलैंड की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला. मंच पर पारंपरिक हाका और भारतीय कथक की संयुक्त प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया.


प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह न तो किसी सरकार का हिस्सा थे और न ही सार्वजनिक जीवन में उन्हें लोग पहचानते थे, तब उन्हें न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था. उसी यात्रा के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें मफलर, टोपी और दस्ताने उपहार में दिए थे. उन्होंने कहा कि यह मफलर उनके लिए केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि स्नेह, अपनापन और दोस्ती की अमूल्य निशानी है.

भारत और न्यूजीलैंड के संबंध

उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को यादों, मित्रता, साझा मूल्यों और आपसी प्रतिबद्धता पर आधारित बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते समय के साथ और मजबूत हुए हैं तथा भविष्य में भी सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे.

इस अवसर पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वह न्यूजीलैंड के सच्चे मित्र हैं. कार्यक्रम में मौजूद भारतीय समुदाय ने दोनों नेताओं के संबोधन का गर्मजोशी से स्वागत किया.