'वाकई स्थिति ठीक नहीं है...', फिलिस्तीनी राष्ट्रपति के साथ मीटिंग में PM मोदी ने गाजा पर जताई चिंता
PM Modi On Gaza Situation:
PM Modi On Gaza Situation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को न्यूयॉर्क के 'लोटे न्यूयॉर्क पैलेस' होटल में फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ द्विपक्षीय बैठक की. प्रधानमंत्री ने गाजा में मानवीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की और फिलिस्तीनी लोगों को भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूएनजीए के इतर फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महामहिम महमूद अब्बास से मुलाकात की. प्रधानमंत्री ने गाजा में मानवीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की और फिलिस्तीन के लोगों को भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पीएम मोदी ने भारत की विकास संभावनाओं पर जोर दिया और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने की पहल पर चर्चा की. पीएम मोदी अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण में न्यूयॉर्क पहुंचे. शनिवार को पीएम मोदी ने क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानी और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं.