पेरिस पहुंचे पीएम मोदी, विवाटेक शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा; जानें क्या है पूरा कार्यक्रम?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंच गए हैं. यहां वह यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप कार्यक्रम विवाटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा के अंतिम चरण के तहत बुधवार को पेरिस पहुंच गए. इससे पहले उन्होंने फ्रांस के एवियन-लेस-बेन्स में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था. पेरिस पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि पेरिस में प्रवासी भारतीयों द्वारा मिले स्नेह और स्वागत से वह अभिभूत हैं. उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है.
विवाटेक शिखर सम्मेलन में भारत की क्षमता का प्रदर्शन
पेरिस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी विवाटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह कार्यक्रम यूरोप का सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप सम्मेलन माना जाता है, जहां दुनिया भर के उद्योग जगत, तकनीकी विशेषज्ञों और नवाचार से जुड़े संगठनों की भागीदारी होती है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस मंच पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति भारत की नवाचार क्षमता, डिजिटल परिवर्तन और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से बढ़ती भूमिका को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगी.
Also Read
इसके साथ ही भारतीय, फ्रांसीसी और यूरोपीय तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र के बीच सहयोग के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है. मंत्रालय का मानना है कि यह सम्मेलन भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती प्रदान करेगा. साथ ही स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक और नवाचार जैसे क्षेत्रों में नए निवेश और सहयोग की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.
प्रवासी भारतीयों से भी करेंगे संवाद
पेरिस प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे. फ्रांस में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
रिपोर्टों के अनुसार, फ्रांस में लगभग 1.19 लाख भारतीय मूल के लोग निवास करते हैं. प्रधानमंत्री का यह संवाद प्रवासी भारतीयों के साथ संबंधों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.पेरिस पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था. उन्होंने इस सम्मेलन को उत्पादक बताया और वैश्विक मुद्दों पर सार्थक चर्चा होने की बात कही.