निक्कमे पति से मांगा तलाक, तो भड़के पापा और चाचा; कुल्हाड़ी से काट दिए महिला के दोनों पैर
एक महिला ने अपने निक्कमे पति से परेशान होकर तलाक मांग लिया. इस बात की जानकारी के बाद महिला के पिता और चाचा भड़क गए. दोनों ने मिलकर महिला को पकड़ लिया और कुल्हाड़ी से उसके दोनों पैर काटकर अलग कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए. फिलहाल, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है और आरोपियों की तलाश कर रही है.
पाकिस्तान से हैरान करने वाली एक खबर आई है. यहां की एक महिला के पैर उसके पिता और चाचाओं ने इसलिए काट दिए, क्योंकि उसने अपने निक्कमे पति से अलग होने और छुटकारा पाने के लिए तलाक मांग लिया था. सोबिया बतूल शाह नाम की महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पैर इसलिए काटे गए क्योंकि उसने अपने निकम्मे पति से तलाक मांगा था, जिसने कभी अपने परिवार की जिम्मेदारी नहीं ली.
हिंसा की यह बेहद परेशान करने वाली घटना गुल टाउन में हुई, जिससे पीड़िता को गंभीर शारीरिक और मानसिक आघात पहुंचा. जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सोबिया की ओर से तलाक मांगे जाने की खबर जब उसके पिता सैयद मुस्तफा शाह और उसके चाचा सैयद कुर्बान शाह, एहसान शाह, शाह नवाज और मुश्ताक शाह को मिली तो वे भड़क गए. सभी कुल्हाड़ी लेकर सोबिया के पास पहुंचे और पिटाई के बाद कुल्हाड़ी से उसके दोनों पैर काट दिए. घटना में सोबिया बूरी तरह घायल हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने सोबिया को अस्पताल में भर्ती कराया.
सोबिया ने पुलिस को दी पूरी घटना की जानकारी
सोबिया ने पुलिस को बताया कि उसका पति नियमित रूप से उसके साथ दुर्व्यवहार करता था. सोबिया के मुताबिक, उसका पति कुछ करता नहीं था और कभी उसने अपने परिवार की जिम्मेदारी ही नहीं ली. वो रोजाना मुझे और मेरे बच्चों की पिटाई करता था.
सोबिया के अनुसार, उसने बार-बार अपने माता-पिता को अपनी दुर्दशा के बारे में बताया, लेकिन उसके परिवार ने उसकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया. पति की हरकतों से परेशान सोबिया ने इन सबसे छुटकारा पाने का फैसला किया और पति से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी.
कोर्ट में तलाक के लिए सोबिया की ओर से दाखिल की गई अर्जी की खबर सुनने के बाद उसके पिता और चाचा भड़क गए. पुलिस के मुताबिक, सोबिया के गुस्साए पिता ने उस पर अपने पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करके परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया और तलाक की अर्जी को वापस लेने का दबाव डाला.
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
जब सोबिया ने तलाक की अर्जी को वापस लेने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने उस पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया. मामले की जानकारी के बाद सीनियर एसपी ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया और स्थानीय स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) को सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाने और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश दिया. निर्देशों का पालन करते हुए, पुलिस अब तक एक संदिग्ध, मुश्ताक शाह को गिरफ्तार करने में कामयाब रही है और शेष दोषियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.