Pakistan VS Balochistan: बलूच विद्रोहियों के डर से कांपा पाकिस्तान, रात के सफर पर लगाया बैन, जानें क्यों दहल रहा आतंकिस्तान

बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान के लिए सिरदर्द बना हुआ है. विद्रोहियों की लगातार गतिविधियों और सेना पर हो रहे हमलों से पाकिस्तान की पोल खुल रही है. कुछ समय पहले चमन इलाके में हुए संघर्ष में 7 लोग मारे गए थे.

X
Reepu Kumari

Pakistan VS  Balochistan: पाकिस्तान में आंतरिक हालात दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैं, खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे सीमावर्ती इलाकों में. हाल ही में पाकिस्तान सरकार ने पंजाब से बलूचिस्तान की ओर रात में सफर पर रोक लगा दी है. यह फैसला तब आया है जब बलूच विद्रोहियों के डर से पाकिस्तान की सेना तक इन इलाकों में खुलकर कार्रवाई करने से हिचक रही है.

बलूचिस्तान में बढ़ती बगावत और सुरक्षा बलों पर हो रहे लगातार हमलों के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर सुरक्षा के नाम पर आम नागरिकों की आजादी पर अंकुश लगाया है. अब कोई भी व्यक्ति निजी या सार्वजनिक वाहन से रात के समय बलूचिस्तान में प्रवेश नहीं कर सकता. हालात ये हैं कि डेरा गाजी खान प्रशासन ने शाम 5 बजे के बाद आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है.

अब दिन में ही तय होगा सफर

पाकिस्तान के डेरा गाजी खान जिला प्रशासन ने रात के समय पंजाब से बलूचिस्तान की ओर जाने वाले यातायात को प्रतिबंधित कर दिया है. यह आदेश शाम 5 बजे से प्रभावी होता है और सुबह उजाला होने तक जारी रहता है. डॉन अखबार के अनुसार, जिला उपायुक्त मुहम्मद उस्मान खालिद ने कहा है कि नागरिकों की जान और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.

कड़ी निगरानी में होंगे वाहन

नई अधिसूचना के अनुसार, दिन में भी यात्रा करने वाले वाहनों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी. हर बस स्टैंड पर यात्रियों और चालकों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी. साथ ही वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग और पैनिक अलार्म सिस्टम अनिवार्य कर दिए गए हैं ताकि किसी भी संकट के वक्त फौरन कार्रवाई हो सके.

सुरक्षा के नाम पर डर का माहौल

बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान के लिए सिरदर्द बना हुआ है. विद्रोहियों की लगातार गतिविधियों और सेना पर हो रहे हमलों से पाकिस्तान की पोल खुल रही है. कुछ समय पहले चमन इलाके में हुए संघर्ष में 7 लोग मारे गए थे. वहीं ट्रेन अगवा करने जैसी घटनाएं भी इस बात का संकेत देती हैं कि पाकिस्तान इन इलाकों पर से अपना नियंत्रण लगभग खो चुका है.