तिहाड़ जेल में ही रहेंगे राजपाल यादव, दिल्ली हाईकोर्ट ने बेल देने से किया इनकार, जानें कब होगी अगली सुनवाई?

कॉमेडियन राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में उनकी जमानत याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने उन्हें राहत नहीं दी. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने मामले को 16 फरवरी 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया है.

x
Antima Pal

मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में उनकी जमानत याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने उन्हें राहत नहीं दी. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने मामले को 16 फरवरी 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया है. इसका मतलब है कि राजपाल को अभी तिहाड़ जेल में ही रहना पड़ेगा. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राजपाल पर काफी सख्त टिप्पणियां कीं.

तिहाड़ जेल में ही रहेंगे राजपाल यादव

अदालत ने कहा- 'हमने आपको दो दर्जन से ज्यादा मौके दिए थे. आपने बार-बार वादा किया कि पैसे चुकाएंगे, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ.' कोर्ट ने आगे कहा कि मामले में कई ऐसी बातें सामने आईं, जिनके बारे में पहले जानकारी नहीं थी. शिकायतकर्ता कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. जज ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पहले आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन वहां भी कोई राहत नहीं मिली.

कोर्ट ने राजपाल के 3 करोड़ रुपये से ज्यादा चुकाने के आश्वासन पर भी चिंता जताई. रिपोर्ट के मुताबिक अदालत ने कहा कि पुनरीक्षण और मध्यस्थता की प्रक्रिया में कई बार वादे किए गए, लेकिन राजपाल ने करीब 25-30 बार सुनवाई टलवाई और बकाया राशि नहीं चुकाई. कोर्ट ने साफ कहा कि सहानुभूति हो सकती है, लेकिन कानून के सामने सब बराबर हैं. यह पूरा मामला 2010 से चल रहा है.

5 फरवरी को तिहाड़ जेल में राजपाल ने किया था सरेंडर

राजपाल ने अपनी डायरेक्टेड फिल्म 'अता पता लापता' के लिए दिल्ली की एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये लिए थे. फिल्म फ्लॉप होने के बाद रकम नहीं लौटाई गई. ब्याज और पेनल्टी के साथ अब यह राशि लगभग 9 करोड़ हो गई है. फरवरी 2026 में कोर्ट के आदेश पर राजपाल ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. इस बीच बॉलीवुड इंडस्ट्री ने उनका पूरा साथ दिया है. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मीका सिंह और कई अन्य ने मदद की पेशकश की. कुछ ने पैसे दिए, तो कुछ ने काम ऑफर किए.