'नवाज शरीफ का लंदन प्लान फेल', जेल में बंद इमरान खान ने AI भाषण में किया जीत का दावा
पाकिस्तान में चुनाव प्रक्रिया के बीच पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज सुप्रीमो नवाज शरीफ, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी और सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी की लाहौर में अहम बैठक हुई है.
Pakistan Elections 2024: पाकिस्तान में आम चुनाव हो चुके हैं और मतगणना का दौर जारी है. इसी बीच चुनाव परिणाम में देरी होने पर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान चुनाव आयोग की आलोचना की है. पूर्व पीएम और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान का शनिवार को एक एआई वीडियो जारी है. इसमें उन्होंने अपनी पार्टी को लेकर 'विजय भाषण' दिया है. साथ ही कहा है कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो नवाज शरीफ का लंदन प्लान फेल हो गया है.
इमरान खान की ओर से कहा गया है कि मेरे प्यारे देशवासियो... इतनी बड़ी संख्या में हाजिर होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करके आपने स्वतंत्रता की बहाली की नींव रखी है. मैं चुनाव में शानदार जीत हासिल करने में आपकी मदद करने के लिए सभी को बधाई देता हूं. मुझे पूरा विश्वास था कि आप इतनी ही बड़ी संख्या में वोटिंग करने आएंगे. आप मेरे भरोसे पर खरे उतरे हैं और चुनाव के दिन भारी मतदान ने कई लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया. इमरान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जारी एआई वीडियो में कहा कि आपकी सक्रियता के कारण ही लंदन प्लान फेल हुआ है.
इमरान खान का दावा, हम जीत रहे हैं 170 सीटें
इमरान खान ने अपनी पार्टी की ओर से चुनाव में धांधली और गड़बड़ी के आरोपों को फिर से दोहराया है. उन्होंने कहा कि कोई भी पाकिस्तानी इसे (चुनावी कदाचार) स्वीकार नहीं करेगा और अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी इसे बड़े पैमाने पर रिपोर्ट किया है. फॉर्म 45 डेटा के अनुसार हम 170 से ज्यादा नेशनल असेंबली सीटें जीत रहे हैं. उन्होंने कहा कि मेरे देशवासियों, आप सभी ने पाकिस्तान में लोकतंत्र की बहाली के लिए एक तारीख तय कर दी है. हम 2024 का चुनाव दो-तिहाई बहुमत से जीत रहे हैं. आपके वोट की ताकत सबने देखी है. अब इसे संरक्षित करने की अपनी क्षमता दिखाइए.
Also Read
इस बीच, डॉन न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो नवाज शरीफ, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी और सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने लाहौर में एक बैठक की है. यह बैठक नवाज की ओर से एक दिन पहले हुए आम चुनावों में जीत का दावा करने और अपने सहयोगियों को गठबंधन सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के तुरंत बाद हुई है. पीपीपी और पीएमएल-एन दोनों पीडीएम सरकार का हिस्सा थे, जिसने 2022 में इमरान खान के प्रधान मंत्री कार्यालय से हटने के बाद पीटीआई से सत्ता संभाली थी.
पाकिस्तान में तीन प्रमुख पार्टियों का ये है हाल
इस बीच डॉन न्यूज की ओर से 266 में से 212 सीटों के लिए बताए गए अनौपचारिक अनंतिम परिणामों के अनुसार ज्यादातर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार 82 सीटों के साथ आगे चल रहे हैं. दूसरी ओर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) जो सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, वो 64 सीटों के साथ पीछे चल रही है, उसके बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) 40 सीटों पर पीछे है.