Pakistan Air Pollution: पाकिस्तान में हवा जहरीली हो गई है पिछले कुछ समय से लगातार पाकिस्तान में वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में पंजाब सरकार ने खतरनाक स्मॉग स्तरों की वजह से 8 से 17 नवंबर तक 10 दिनों के लिए कई जिलों में पार्क, म्यूजियम और स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है. शुक्रवार को लगाए इस रोक का असर लाहौर, गुजरांवाला, फैसलाबाद, मुल्तान, शेखपुरा, कसूर, ननकाना साहिब, गुजरात, हाफिजाबाद, मंडी बहाउद्दीन, सियालकोट, नरोवाल, चिनियट, झंग और टोबा टेक सिंह जैसे जिलों पर पड़ेगा, साथ ही लोधरान, वेहारी और खानेवाल पर भी स्मॉग की वजह से रोक लागू हैं.
IQAir के अनुसार, दक्षिण पंजाब के सबसे बड़े शहर मुल्तान में शुक्रवार को सुबह 8 से 9 बजे के बीच AQI 2,135 दर्ज किया गया. IQAir के अनुसार, हवा में मौजूद सूक्ष्म कण PM2.5 की सांद्रता 947 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर थी, जो WHO के दिशा-निर्देशों से 189.4 गुना ज्यादा है.
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, मुल्तान में AQI रात 10 बजे तक 980 तक पहुंच गया, जो कि 'खतरनाक' माने जाने वाले 300 के निशान से कम से कम तीन गुना अधिक था
एक सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि पंजाब शिक्षा विभाग ने ट्यूशन सेंटर और अकादमियों को बंद करने का आदेश दिया है. प्रभावित जिलों में निजी और सरकारी स्कूल 17 नवंबर तक बंद रहेंगे.
इससे पहले शुक्रवार को, पाकिस्तान में वायु प्रदूषण में उछाल आया, जिसमें सात शहर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल थे. मौसम विज्ञानियों ने धुंध के और बिगड़ने की भविष्यवाणी की है, लाहौर में हवा की गति 11 किमी/घंटा और मुल्तान के पास 7 किमी/घंटा तक गिर जाएगी. मुल्तान में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 2,135 और लाहौर में 676 दर्ज किया गया.
पेशावर, इस्लामाबाद, हरिपुर, रावलपिंडी और कराची जैसे शहरों को भी 'खतरनाक वायु गुणवत्ता' वाले शहरों में गिना गया है. लाहौर में जहरीली धुंध पाकिस्तान का पूर्वी शहर लाहौर कई दिनों से जहरीली धुंध की चादर में लिपटा हुआ है, जिसकी वजह से अधिकारियों ने गतिविधियों पर रोक लगा दी है और निवारक उपायों के लिए एक पैनल का गठन किया है.