चाइनीज महिला ने प्रेमिका बनकर की Nvidia CEO जेनसन हुआंग की जासूसी, आरोपों पर क्या बोला चीन?

Nvidia CEO जेनसन हुआंग की करीबी रहीं चीनी कारोबारी एलिस हुआंग पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है.

X
Sagar Bhardwaj

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग से जुड़े जासूसी के आरोपों ने कॉरपोरेट जगत में हलचल मचा दी है. मामला एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से जुड़ा है, जिन पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने और Nvidia की संवेदनशील जानकारियां जुटाने का संदेह है. हालांकि, चीन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

कौन हैं एलिस हुआंग, जिन पर लगा जासूसी का आरोप?

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि एलिस हुआंग चीन की प्रमुख खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के लिए काम कर रही थीं. आरोप है कि वह Nvidia की तकनीक और कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां चीन तक पहुंचा रही थीं.

एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व अधिकारी रह चुकी हैं. यह कंपनी Nvidia से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप खरीदती थी. इस मामले में Megaspeed की भूमिका भी जांच के दायरे में आई थी. कंपनी पर संदेह था कि उसने अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद अत्याधुनिक AI चिप चीन पहुंचाने में मदद की हो सकती है. एलिस हुआंग का Nvidia CEO जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं बताया गया है.


जेनसन हुआंग ने स्वीकार किया अंतरंग संबंध

इस विवाद में एक और बड़ा खुलासा तब हुआ, जब जेनसन हुआंग ने Nvidia के बोर्ड के सामने एलिस हुआंग के साथ अपने अंतरंग संबंधों की बात स्वीकार की. उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात भी मानी.

8 नवंबर को कर्मचारियों को भेजे संदेश में जेनसन हुआंग ने कहा कि उनके व्यवहार से उनकी पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है. इसके लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है और वह अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं. हालांकि, उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार नहीं किया कि उन्हें एलिस हुआंग की कथित जासूसी गतिविधियों की जानकारी थी.

चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया बेबुनियाद

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने 9 नवंबर 2026 को बीजिंग में नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इन आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि चीनी जासूस से जुड़े दावे पूरी तरह बेबुनियाद हैं. यह चीन को बदनाम करने और उसके खिलाफ दुष्प्रचार करने की कोशिश है.

इससे पहले 30 अक्टूबर को भी गुओ जियाकुन ने जेनसन हुआंग को निशाना बनाने के कथित चीनी जासूसी अभियान से जुड़ी खबरों को बेबुनियाद अटकलें बताते हुए खारिज किया था.