नेपाल में छठ मनाने जा रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी इलेक्ट्रिक माइक्रोबस; 10 की मौत

नेपाल के मकवानपुर जिले में छठ मनाने घर लौट रहे यात्रियों की इलेक्ट्रिक माइक्रोबस 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए.

X
Sagar Bhardwaj

नेपाल के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में गुरुवार, 12 नवंबर को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. छठ का त्योहार मनाने घर लौट रहे यात्रियों से भरी इलेक्ट्रिक माइक्रोबस गहरी खाई में गिर गई. इस दुर्घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए.

हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, माइक्रोबस में कुल 15 लोग सवार थे, जबकि इसकी क्षमता केवल 10 यात्रियों की थी. वाहन अचानक सड़क से फिसलकर करीब 700 मीटर गहरी ढलान में जा गिरा.

मृतकों में तीन महिलाएं और दो बच्चियां शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं. मृतकों में से दो की पहचान रवि शंकर कुमार मंडल और सुबेक यादव के रूप में हुई है. दोनों नेपाल के चक्रघट्टा ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र के रहने वाले थे.


घायल यात्रियों की पहचान मुकेश यादव, देवेंद्र यादव, संजय यादव, सुजन यादव और सक्षम यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने दुर्घटनास्थल से तीन साल के एक बच्चे को भी सुरक्षित बचाया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री काठमांडू से हेटौडा स्थित अपने घर छठ का त्योहार मनाने लौट रहे थे.

पुलिस और सेना ने चलाया बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाली सेना और बागमती प्रदेश आपदा प्रबंधन समूह की टीमें मौके पर पहुंचीं. सभी एजेंसियों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया. मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के एसपी श्याम बहादुर खत्री भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है.

नेपाल में हेलीकॉप्टर भी टकराए थे

नेपाल में इससे पहले सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे में दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर हुई थी. मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे एयर डाइनेस्टी और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए थे.

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकराने की बात सामने आई थी. इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य यात्री घायल हुआ था.