Video: 20 मिनट में 7 धमाके… US-ईरान के बीच जारी तनाव के बीच दहला दुबई
बुधवार सुबह दुबई के जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र और पोर्ट इलाके में कई धमाके हुए. वहां से काला धुआं उठता दिखा. अमीरात अधिकारियों ने 20 मिनट के अंदर करीब सात धमाकों की पुष्टि की है
नई दिल्ली: बुधवार सुबह दुबई के जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र और पोर्ट इलाके में कई धमाके हुए. वहां से काला धुआं उठता दिखा. अमीरात अधिकारियों ने 20 मिनट के अंदर करीब सात धमाकों की पुष्टि की है, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है. लोगों ने बताया कि इलाके से भारी धुआं निकल रहा था.
नासा के थर्मल इमेजरी से पोर्ट के पास एक गोदाम में आग का संकेत मिला, जहां फ्यूल स्टोरेज और ट्रांसफर होता है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ये धमाके यमन से दागी गई मिसाइल के कारण हुए, लेकिन अमीरात अधिकारियों ने इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. स्थानीय मीडिया ने कई धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबर दी, लेकिन कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया.
Also Read
वीडियो बनाने वाले दो लोग हिरास्त में:
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना की वीडियो बनाने वाले दो लोगों को अमीरात अधिकारियों ने हिरासत में लिया है. उधर यमन की राजधानी सना में भी धमाके की खबरें आईं. कुछ रिपोर्ट्स में इसे एयर स्ट्राइक बताया गया, तो कुछ में यमन से मिसाइल लॉन्च से जोड़ा गया. अभी तक हताहतों या नुकसान की कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है. स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है.
होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को लेकर बातचीत तेज:
ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के समझौते के करीब पहुंच रहे हैं. यह दुनिया का महत्वपूर्ण एनर्जी शिपिंग रूट है. इससे तनाव कम होने और संघर्ष समाप्त करने की दिशा में प्रगति हो सकती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में जहाज ईरान नियंत्रित रूट से फारस की खाड़ी में प्रवेश करेंगे और ओमान नियंत्रित रूट से बाहर निकलेंगे.
हालांकि, किसी भी समझौते के लिए अमेरिका को ईरान के बंदरगाहों पर लगाए प्रतिबंध हटाने होंगे. ट्रंप प्रशासन पहले किसी ऐसे समझौते का विरोध कर चुका है जिसमें ईरान को इस जलमार्ग पर नियंत्रण मिले.
जल्द समझौते की उम्मीद:
अमेरिकी अधिकारियों ने जल्द समझौते की उम्मीद जताई है. विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान और ओमान के बीच बातचीत में प्रगति हुई है, लेकिन अभी अंतिम रूप नहीं मिला है. ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कहा कि आज या कल होर्मुज खोलने का समझौता हो सकता है, जिससे क्षेत्र में स्थिरता बढ़ेगी. होर्मुज जलडमरूमध्य से पहले दुनिया के करीब एक-पांचवें तेल और गैस की आपूर्ति होती थी. फरवरी में शुरू हुए संघर्ष के बाद से यह प्रभावी रूप से बंद है. उधर कतर भी संघर्ष समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखे हुए है. अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की.