फिलीपींस में यात्री Ferry में भीषण आग, 5 की मौत; 87 लोग लापता
फिलीपींस में मनीला से पलावन जा रही यात्री फेरी में गुरुवार को भीषण आग लग गई. हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
फिलीपींस में मनीला से पलावन जा रही यात्री फेरी में गुरुवार को भीषण आग लग गई. हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. कोस्ट गार्ड ने 42 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और समुद्र में खोज एवं बचाव अभियान जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब MV जून एस्टर मनीला से रवाना होकर पलावन प्रांत के कोरोन की ओर जा रही थी. कोस्ट गार्ड के मुताबिक, फेरी में आग बरंगाय मार्सिला के उत्तर-पूर्व में तट से करीब 2.2 किलोमीटर दूर लगी. जहाज पर कुल 134 लोग सवार थे, जिनमें 117 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य शामिल थे.
42 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
कोस्ट गार्ड की ओर से साझा किए गए वीडियो में फेरी का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में दिखाई दिया. हादसे के बाद बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया. कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोमी कायाब्याब के अनुसार, अब तक 42 लोगों को बचाया जा चुका है. इनमें 38 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल हैं. हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 87 लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ये शुरुआती आंकड़े हैं, संख्या में बदलाव आ सकता है.
Also Read
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
कोस्ट गार्ड ने रात के दौरान भी राहत और बचाव अभियान जारी रखा. जारी की गई तस्वीरों में बचावकर्मी यात्रियों को छोटी नौकाओं की मदद से फेरी से बाहर निकालते दिखाई दिए. बचाए गए लोगों को मार्सिला के उत्तर में स्थित बरंगाय टर्डा के निकासी केंद्र में ले जाया गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल आग बुझाने और फेरी के आसपास निगरानी रखने का काम भी चल रहा है. बचाए गए कई लोगों से अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है, क्योंकि बचाव दल उनसे ठीक से बातचीत नहीं कर सका है. अधिकारियों के मुताबिक इलाके में मौसम खराब है और समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं. इसके अलावा पानी की धाराएं भी काफी तेज बताई गई हैं. ऐसी परिस्थितियों में लापता लोगों की तलाश और आग पर काबू पाने का काम चुनौतीपूर्ण हो गया है.