FIFA World Cup 2026

मलेशिया में बड़ा हादसा! टेक-ऑफ के दौरान क्रैश हुआ अमेरिका का F-18 हॉरनेट फाइटर जेट, Video वायरल

पहांग की राजधानी कुआंतन में गुरुवार रात मलेशियाई वायुसेना का F/A-18D हॉरनेट जेट टेक-ऑफ के दौरान जलकर गिर पड़ा। दोनों पायलट सुरक्षित हैं. यह हादसा ऐसे वक्त हुआ जब राजा सुल्तान इब्राहिम ने सेना की पुरानी और महंगी खरीद को बेवकूफी भरी बता कर आलोचना की थी.

X
Princy Sharma

Malaysian Airforce Crashes: पहांग राज्य की राजधानी कुआंतन में गुरुवार रात एक बड़ा सैन्य हादसा हुआ जब मलेशियाई वायुसेना का F/A-18D हॉरनेट फाइटर जेट टेक-ऑफ के दौरान अचानक आग की लपटों में घिर गया. रनवे से उड़ान भरते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ, और देखते ही देखते वो जलता हुआ जमीन पर गिर गया. पायलटों ने समय रहते इजेक्शन किया और अब दोनों अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है जब मलेशिया के राजा सुल्तान इब्राहिम खुद रक्षा विभाग की नीतियों और बेवकूफी भरी खरीदारी पर सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने हाल ही में सेना द्वारा पुराने और महंगे हथियारों की खरीद को नॉनसेंस बताया था.


अमेरिकी फाइटर जेट्स

1997 में 1.6 बिलियन रिंग्गिट (करीब 380 मिलियन अमेरिकी डॉलर) में खरीदे गए इन अमेरिकी फाइटर जेट्स की उम्र अब 28 साल हो चुकी है. इस हादसे के बाद मलेशिया के पास अब सिर्फ 7 हॉरनेट जेट बचे हैं. सोशल मीडिया पर लोग सरकार की आलोचना कर रहे हैं कि इतने पुराने विमानों से देश की सुरक्षा कैसे होगी.

पीएम ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हादसे पर दुख जताया और जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा, 'जांच पूरी तरह से पारदर्शी होनी चाहिए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं.' इस हादसे का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह विमान आग की लपटों में घिरता है और फिर जमीन पर धमाके के साथ गिरता है. स्थानीय लोगों ने भी बताया कि धमाके की आवाज किसी मिसाइल हमले जैसी थी. 

ऑपरेशनल लड़ाकू विमान

वर्तमान में मलेशिया के पास कुल 37 ऑपरेशनल लड़ाकू विमान हैं, जबकि सिंगापुर के पास 99 से ज्यादा आधुनिक जेट्स हैं. ऐसे में मलेशिया की सैन्य क्षमता पर सवाल उठना लाजिमी है. सरकार अब 18 नए FA-50 हल्के फाइटर जेट दक्षिण कोरिया से खरीदने की तैयारी में है, जो अक्टूबर 2026 से मिलने शुरू होंगे. इसके अलावा 33 इस्तेमाल किए गए F/A-18 विमान कुवैत से खरीदने की बात चल रही है. लेकिन अब जनता और विशेषज्ञ सवाल कर रहे हैं कि क्या एक बार फिर पुराना स्क्रैप खरीदने की गलती दोहराई जाएगी?

राजा सुल्तान इब्राहिम पहले ही ऐसे सौदों पर नाराजगी जता चुके हैं और सेना से दो टूक कहा है, 'अगर कीमत नहीं पता, तो मुझसे पूछ लो!'  उनकी फटकार के बाद 35 साल पुराने ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों की खरीद को भी रद्द कर दिया गया है.