इस्लामाबाद की मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हमलावर ने खुद को उड़ाया, 69 की मौत और 169 घायल
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक शिया मुस्लिम मस्जिद में धमाका हो गया. इस धमाके में करीब 69 लोगों के मरने और 169 लोगों की घायल होने की खबर सामने आ रही है.
पाकिस्तानः पाकिस्तान से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है. शुक्रवार को राजधानी इस्लामाबाद में एक शिया मुस्लिम मस्जिद में धमाका हो गया. यह धमाके तब हुआ, जब कई लोग नमाज पढ़ रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार धमाके में 69 से ज्यादा लोगों के मरने और 169 लोगों की घायल होने की खबर सामने आ रही है. वहीं इस धमाके के बाद पूरा क्षेत्र दहल गया. बड़ी संख्या में लोग जमीन पर पड़े हुए हैं. वहां अफरातफरी का माहौल है. वहीं आत्मघाती हमलावर ने खुद को अंदर आने के बाद गेट के पास उड़ा लिया.
मस्जिद में धमाका
यह धमाका इस्लामाबाद के शाहजाद टाउन इलाके में तेरलाई इमाम बारगाह में शुक्रवार की नमाज के दौरान हुआ. एक आत्मघाती हमलावर ने परिसर में घुसने के बाद गेट के पास खुद को उड़ा लिया. शुरू में इस घटना में पांच लोगों की मौत की खबर थी. अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 69 से ज्यादा हो गई है, जबकि 169 लोग घायल बताए जा रहे हैं. धमाके की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान जारी है. यह घटना 11 नवंबर, 2025 को इस्लामाबाद में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट की इमारत के बाहर हुए आत्मघाती बम धमाके के बाद हुई है. उसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे.
शिया समुदाय को बनाया निशाना
इस हमले में शिया समुदाय को निशाना बनाया गया. धमाके के बाद शिया मस्जिद के अंदर का मंजर खौफनाक है. लोग जमीन पर घायल और खून से लथपथ पड़े दिख रहे हैं. बड़ी संख्या में लोग जमीन पर पड़े हैं. चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है. बचाव दल मौके पर मौजूद है. इमाम बारगाह के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है. हर जगह कड़ी निगरानी रखी जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से पूरे शहर में इमरजेंसी लगा दी है.
अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
धमाके के बाद इस्लामाबाद के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, एक अस्पताल के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि PIMS के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ED) के निर्देश पर अस्पताल में इमरजेंसी घोषित की गई है. वहीं मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक्स, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभागों को एक्टिव कर दिया गया है. घायलों को PIMS और पॉलीक्लिनिक अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है.
हमलावर को एंट्री गेट पर रोका
सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया जा रहा है कि हमलावर को चौकस सुरक्षाकर्मियों ने एंट्री गेट पर रोक दिया. हमलावर मस्जिद के मुख्य हॉल में नहीं घुस पाया. बताया जा रहा कि वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. रोके जाने के बावजूद, धमाके वाली जगह के वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि गेट को काफी नुकसान हुआ है. धमाका इतना जोरदार था कि पास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और मलबा सड़क पर बिखर गया.