Assam Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के पास अचानक हुआ जोरदार विस्फोट, रहस्यमयी धमाके से नॉर्वे में हड़कंप

नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के पास रविवार तड़के जोरदार धमाका हुआ जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई. धमाका हुसेबी इलाके में हुआ और आसपास के घरों में कंपन महसूस किया गया.

@HadiNasrallah x account
Km Jaya

नई दिल्ली: नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में रविवार तड़के उस समय अफरा तफरी मच गई जब अमेरिकी दूतावास के पास एक जोरदार धमाका सुना गया. इस अचानक हुए विस्फोट से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग घबरा गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह धमाका ओस्लो के हुसेबी इलाके में हुआ जो अमेरिकी दूतावास के आसपास का क्षेत्र माना जाता है. घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और लोगों में डर का माहौल बन गया. कई लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में कंपन महसूस हुआ.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों के अनुसार धमाका अचानक हुआ और इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह अपने घर में टीवी देख रहा था तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और उसका पूरा घर हिल गया. धमाके के बाद कुछ समय तक लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है.

घटना की जानकारी मिलते ही ओस्लो पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. कुछ ही मिनटों में 5 से 10 पुलिस वाहन मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई. पुलिस ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने और इलाके से दूर रहने की सलाह भी दी.

ओस्लो पुलिस विभाग ने क्या बताया?

ओस्लो पुलिस विभाग ने एक बयान जारी कर बताया कि सुरक्षा एजेंसियां इस रहस्यमयी विस्फोट की गंभीरता से जांच कर रही हैं. पुलिस अधिकारी अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में भी हैं ताकि घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा सके.

अधिकारियों के अनुसार फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस कारण से हुआ. जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या इसके पीछे किसी अन्य कारण की भूमिका है.

अभी कैसी है स्थिति?

सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट स्थल के आसपास मौजूद हर संभावित सबूत की जांच कर रही हैं. जांच के दौरान बारूद या अन्य विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की संभावना को भी खंगाला जा रहा है. फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के घायल या हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है. इसके बावजूद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच पूरी होने तक पुलिस ने पूरे क्षेत्र को निगरानी में रखा है.