वेनेजुएला में अमेरिका का ऑपरेशन नीनो गुरेरो, खूंखार गैंग लीडर हुआ ढेर; ट्रंप का चौंकाने वाला दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के खतरनाक गैंग ट्रेन डी अरागुआ के सरगना नीनो गुरेरो को मार गिराया.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: दुनिया भर के अपराधियों के लिए अब कोई जगह सुरक्षित नहीं बची. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक हैरतअंगेज दावे के साथ यह संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना की दक्षिणी कमान ने वेनेजुएला के कुख्यात गैंग ट्रेन डी अरागुआ के सबसे खूंखार सरगना हेक्टर रस्टेनफोर्ड गुरेरो फ्लोरेस उर्फ नीनो गुरेरो को एक तेज सैन्य कार्रवाई में मार गिराया. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर यह जानकारी देते हुए एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें एक इमारत पर हमला और आग लगने के दृश्य दिख रहे हैं. 

अपराध जगत को झटका

यह दावा न सिर्फ अपराध जगत को झटका देने वाला है बल्कि उन लाखों परिवारों की भावनाओं से भी जुड़ा है जिन्होंने इस गैंग की हिंसा, ड्रग और डर के साए में अपनी जिंदगी गंवाई या बर्बाद होती देखी. ट्रंप ने साफ कहा कि ट्रेन डी अरागुआ के आतंकियों के लिए वेनेजुएला या दुनिया के किसी कोने में अब पनाह नहीं मिलेगी.

अमेरिका का सख्त रुख

ट्रंप के मुताबिक यह ऑपरेशन वेनेजुएला सरकार के सहयोग से अंजाम दिया गया. उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका ऐसे अपराधियों और ड्रग माफियाओं को कहीं से भी ढूंढ निकालने की क्षमता रखता है. हालांकि इस पूरे मामले पर व्हाइट हाउस, पेंटागन या अमेरिकी दक्षिणी कमान की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे सवाल उठ रहे हैं.


ट्रेन डी अरागुआ का आतंक

अमेरिका पहले ही इस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित कर चुका है. नीनो गुरेरो पर न्यूयॉर्क की अदालत में आपराधिक साजिश, ड्रग तस्करी, हिंसा, वसूली और आतंक फैलाने जैसे गंभीर आरोप थे. अमेरिकी विदेश विभाग ने उसकी गिरफ्तारी या जानकारी पर 50 लाख डॉलर का इनाम भी रखा था. 

गैंग का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क

ट्रेन डी अरागुआ की शुरुआत वेनेजुएला की टोकोरोन जेल से हुई थी. वेनेजुएला से बड़े पैमाने पर पलायन के दौरान यह जेल गैंग अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट में बदल गया. कोलंबिया, पेरू, चिली समेत कई देशों में इसके सक्रिय सदस्य बताए जाते हैं. हत्या, अपहरण, मानव तस्करी और ड्रग कारोबार इसके मुख्य अपराध हैं. 

जेल अभियान और बचे नेता

सितंबर 2023 में वेनेजुएला सरकार ने 11,000 सुरक्षा बलों के साथ टोकोरोन जेल पर बड़ा अभियान चलाया था. मुख्य ठिकाना तो नष्ट हो गया लेकिन कई बड़े नेता भाग निकले थे. ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि अमेरिका के कुछ शहरों में बढ़ रही हिंसा और ड्रग तस्करी के पीछे इस गैंग का हाथ है.