भारत की तारीफ करते ही घिरीं लॉरा लूमर! पुराने विवादित बयानों पर लोगों ने लगाई क्लास, फिर चर्चा में H-1B विवाद

अमेरिकी कार्यकर्ता लॉरा लूमर ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो के हालिया भारत दौरे के बाद फिर से भारत आने की इच्छा जताई है. हालांकि भारतीयों और प्रवासियों पर उनकी पुरानी विवादित टिप्पणियों के कारण सोशल मीडिया पर नया विवाद छिड़ गया है.

social media
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: अमेरिकी दक्षिणपंथी राजनीतिक कार्यकर्ता लॉरा लूमर के एक बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक नया विवाद छिड़ गया है. दरअसल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के हालिया भारत दौरे के बाद लॉरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि रुबियो की भारत यात्रा की तस्वीरें देखकर उनका मन भी फिर से भारत जाने का हो रहा है. उन्होंने भारत की तारीफ करते हुए इसे एक बेहद खूबसूरत देश बताया और कहा कि वे भारत से बहुत प्यार करती हैं. अपनी इस पोस्ट के साथ उन्होंने पारंपरिक भारतीय पोशाक पहने हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की है.

लॉरा की पोस्ट पर यूजर्स ने क्या लिखा?

उनकी इस पोस्ट पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी और नकारात्मक प्रतिक्रियाएं दी हैं. लोगों ने उनके पुराने बयानों को याद दिलाते हुए उन पर निशाना साधा है. आलोचकों का आरोप है कि लॉरा सिर्फ अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रही हैं जबकि इससे पहले वे भारतीयों और प्रवासियों को लेकर कई बार नस्लवादी और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुकी हैं.

लॉरा लूमर इसी साल मार्च में भी भारत आई थीं और तब भी उनके पुराने सोशल मीडिया पोस्ट्स की वजह से काफी विवाद हुआ था. अतीत में उन्होंने भारतीयों की काफी आलोचना की थी और अमेरिका के H-1B वीजा कार्यक्रम का पुरजोर विरोध किया था. यह वीजा कुशल विदेशी कामगारों को खासकर आईटी कंपनियों में अमेरिका में काम करने की इजाजत देता है.

पुराने कमेंट्स के लिए मांगी थी माफी

भारत दौरे के समय जब मीडिया ने उनसे इन विवादित बयानों पर सवाल पूछे तो उन्होंने अपनी कुछ पुरानी टिप्पणियों के लिए माफी भी मांगी थी. हालांकि वे एच-1बी वीजा सिस्टम के खिलाफ लगातार बोलती रहीं. उनका मानना है कि अमेरिकी कंपनियां इस वीजा के जरिए कम वेतन पर विदेशी कर्मचारियों को काम पर रखती हैं जिससे अमेरिकी नागरिकों की नौकरियों पर असर पड़ता है.

तमाम आलोचनाओं के बावजूद भारत में नौ दिन बिताने के बाद लॉरा ने देश की जमकर तारीफ की थी. उन्होंने भारत को एक 'अद्भुत' देश बताया था और कहा था कि यह आने वाले समय में 'अगली बड़ी महाशक्ति' बन सकता है.

मार्को रुबियो के भारत दौरे के बाद आया बयान

लॉरा का यह ताजा बयान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत के पहले आधिकारिक दौरे के ठीक बाद आया है. अपने इस दौरे पर रुबियो ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें की थीं. इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, ऊर्जा साझेदारी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई. नई दिल्ली के अलावा, रुबियो ने कोलकाता, आगरा और जयपुर का भी दौरा किया और उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का न्योता भी दिया है.