रूसी मिसाइल-ड्रोन हमले से दहला क्रिवी रिह, लक्ष्मी मित्तल की कंपनी में लगी आग; 2 की मौत

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में रूसी मिसाइल और ड्रोन हमले में आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को नुकसान पहुंचा है. हमले में दो लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की जानकारी है.

X (@TrendRoverHQ)
Shanu Sharma

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन के औद्योगिक शहर क्रिवी रिह पर हुए ताजा रूसी हमले में आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को भी निशाना बनाया गया. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, मिसाइल और ड्रोन हमलों की इस लहर में दो लोगों की मौत हुई, जबकि 14 लोग घायल बताए गए हैं. हमले से प्लांट की कई महत्वपूर्ण औद्योगिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है.

आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने बताया कि बिजली उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़ी सुविधाएं प्रभावित हुई हैं. इसके चलते कंपनी को कुछ समय के लिए उत्पादन का एक हिस्सा रोकना पड़ा. फिलहाल कंपनी का मुख्य ध्यान नुकसान का आकलन करने और प्रभावित इकाइयों को दोबारा चालू करने पर है.

यूक्रेन के सबसे बड़े स्टील संयंत्रों में शामिल

आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह यूक्रेन की प्रमुख इस्पात उत्पादन इकाइयों में से एक है. रूस के पूर्ण स्तर पर हमले के बाद से यह संयंत्र कई बार सुरक्षा कारणों और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान के चलते प्रभावित हुआ है. इसके बावजूद कंपनी ने सीमित स्तर पर उत्पादन जारी रखने की कोशिश की है. आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह में वैश्विक स्टील कंपनी आर्सेलरमित्तल की 95.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है. यह समूह उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल ने स्थापित किया था. क्रिवी रिह का संयंत्र लंबे समय से यूक्रेन के औद्योगिक और इस्पात क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है.


जेलेंस्की के गृहनगर पर पहले भी होते रहे हैं हमले

क्रिवी रिह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का गृहनगर है और युद्ध शुरू होने के बाद से यह शहर कई बार रूसी हमलों की चपेट में आ चुका है. ताजा हमले को यूक्रेन के कई हिस्सों में हुई व्यापक मिसाइल और ड्रोन कार्रवाई का हिस्सा बताया गया है. क्रिवी रिह के अलावा कीव, जापोरिज्जिया, सुमी समेत कई इलाकों में भी हमलों की खबर सामने आई. क्रिवी रिह में हुए एक अन्य हमले में  रविवार को बाद में एक और व्यक्ति की मौत की सूचना मिली. वहीं, कीव के पोचाइना इलाके में एक लोकप्रिय खुले बाजार में भी हमला हुआ, जिससे कई दुकानों में आग लग गई.

हाल के दिनों में रूस और यूक्रेन के बीच लंबी दूरी के मिसाइल और ड्रोन हमलों में तेजी देखी गई है. यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूसी हमलों में देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की जान गई. दूसरी ओर, रूस ने भी यूक्रेनी ड्रोन हमलों का जवाब देने और रातभर में बड़ी संख्या में ड्रोन को रोकने का दावा किया है.