शारजाह में कर्नाटक के शख्स की बेरहमी से हत्या, कार में मिले शव के 9 टुकड़े; दो महीने बाद मामला आया सामने
शारजाह में कर्नाटक के उडुपी निवासी अल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या का मामला करीब दो महीने बाद सामने आया है. वह 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे.
संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी निवासी अल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या का मामला करीब दो महीने बाद सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, अल्विन का शव एक कार में नौ टुकड़ों में कटा हुआ मिला. शव को दो थैलों में रखा गया था. मामले की जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने उडुपी पुलिस से संपर्क किया है, जबकि शारजाह पुलिस की जांच जारी है.
अल्विन प्रकाश कुंदर मूल रूप से उडुपी के कुंडापुर के रहने वाले थे. वह पिछले करीब 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे. उनकी पत्नी टीना स्कूल टीचर हैं और उनका बेटा कक्षा 10 में पढ़ता है. परिवार के मुताबिक, पत्नी और बेटा भी फिलहाल लापता बताए जा रहे हैं. हालांकि, उनके भारत आने या घटना में किसी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
20 जुलाई को भाई ने किया था फोन
अल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर के मुताबिक, उन्होंने 20 जुलाई को अल्विन को फोन किया था. कॉल का जवाब नहीं मिला और बाद में सिर्फ एक मैसेज आया कि वह ठीक हैं. करीब एक सप्ताह बाद भी जब उनसे संपर्क नहीं हुआ तो अनिल ने शारजाह में रहने वाले उनके दोस्त मनोहर से संपर्क किया.
Also Read
- मिल गया होर्मुज का रिप्लेसमेंट? ओमान का सोहर पोर्ट बना भारत का ‘गल्फ गेटवे’, ऐसे बदलेगा पूरा खेल
- स्टूडेंट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया का बड़ा बदलाव... भारतीय छात्रों पर क्या होगा इसका असर? जानें नए माइग्रेशन नियम
- मिडिल ईस्ट तनाव के बीच जासूसी का खेल, न्यूक्लियर वैज्ञानिकों की हत्या; क्या होगा ईरान का नेक्स्ट स्टेप
मनोहर कंपनी के फ्लैट पर पहुंचे तो चौकीदार ने बताया कि अल्विन भारत जा चुके हैं. कंपनी के HR ने भी शुरुआत में यही जानकारी दी. इसके बाद अनिल ने दोबारा कंपनी से संपर्क कर बताया कि अल्विन भारत नहीं आए हैं. पासपोर्ट की जांच में भी उनके शारजाह में होने की जानकारी मिली. इसके बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई.
कार में मिला शव, नौ टुकड़ों में काटा गया था
जांच के दौरान अल्विन का शव ओमान जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक कार से बरामद हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था. परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को मिली, जिसके बाद उन्होंने उडुपी पुलिस से संपर्क किया.
हत्या की वजह क्या थी और इस वारदात को किसने अंजाम दिया, यह अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार की ओर से लगाए गए कुछ दावों की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. शारजाह पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और आरोपियों से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
सीसीटीवी में दिखे दो पुरुष और एक महिला
अनिल के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दो पुरुष और एक महिला को इमारत से बाहर निकलते हुए देखा गया. उन्होंने आशंका जताई कि अल्विन की हत्या में अनुभवी अपराधियों का हाथ हो सकता है. हालांकि, यह उनका दावा है और जांच एजेंसियों की ओर से इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.
परिवार पत्नी और बेटे के बारे में भी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा है. फिलहाल उनकी स्थिति और ठिकाने को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार शारजाह से विस्तृत आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है.