US Presidential Election: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को टक्कर देंगी भारतवंशी कमला, ओबामा बोले- गर्व है
अमेरिका का उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को डेमोक्रेट पार्टी में काफी समर्थन मिल रहा है. जो बाइडेन ने दावेदारी वापस ले ली है. आगामी 5 नवंबर को होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में बाइडेन के समर्थन के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस नजर आएंगी. इससे पहले शुक्रवार को, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कमला हैरिस का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया.
डेमोक्रेट पार्टी की नेता कमला हैरिस ने अमेरिका के राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. सोशल मीडिया पोस्ट पर उन्होंने इसकी जानकारी दी है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने आधिकारिक तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए फॉर्म पर हस्ताक्षर किए, यह आश्वासन दिया कि नवंबर में उनका जन-संचालित अभियान जीतेगा.
कमला हैरिस ने सोशल मीडिया एक्स पर इस बात पर जोर दिया कि नवंबर में उनका जन-संचालित अभियान जीतेगा. उन्होंने आगे दोहराया कि वह हर वोट हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगी. कमला हैरिस ने अपने पोस्ट में कहा, आज मैंने आधिकारिक तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए फॉर्म पर हस्ताक्षर किए. मैं हर वोट हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करूंगी.
ओबमा कहते हैं कि मुझे और मिशेल को आपका समर्थन करने पर गर्व हो रहा है. इस पर कमला हैरिस ने कहा कि मिशेल-बराक ये मेरे लिए बहुत मायने रखता है. ओबामा ने कहा कि वह और पूर्व अमेरिकी प्रथम महिला मिशेल ओबामा नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में हैरिस की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.
कमला अमेरिका की एक शानदार राष्ट्रपति बनेंगी
बराक ओबामा ने कहा, इस सप्ताह की शुरुआत में, मिशेल और मैंने अपनी मित्र कमला हैरिस को कॉल किया. हमने उनसे कहा कि हमें लगता है कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका की एक शानदार राष्ट्रपति बनेंगी, और उन्हें हमारा पूरा समर्थन है. हमारे देश के लिए इस महत्वपूर्ण क्षण में, हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने जा रहे हैं कि नवंबर में उनकी जीत हो. हमें उम्मीद है कि आप हमारे साथ जुड़ेंगे. इससे पहले बुधवार को, अभिनेता और प्रमुख डेमोक्रेटिक फंडरेज़र जॉर्ज क्लूनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए हैरिस का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया.
राष्ट्रपति जो बाइडेन हटे पीछे
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन 22 जुलाई को राष्ट्रपति की रेस से पीछे हट गए हैं. राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पार्टी नेताओं और समर्थकों की तरफ से दबाव के बाद राष्ट्रपति का चुनाव दोबारा नहीं लड़ने का फैसला किया. उनकी उम्र 81 साल की है और अपने हावभाव के लिए हमेशा ट्रोल होते रहते हैं. इस सप्ताह की शुरुआत में ओवल ऑफ़िस से राष्ट्र को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कमला हैरिस को धन्यवाद दिया और उन्हें एक महान उपराष्ट्रपति कहा. 2020 के चुनाव में कमला हैरिस पहली बार सीनेट के लिए चुनी गई थीं. वो अमेरिका की उपराष्ट्रपति बनने वालीं पहली महिला हैं. कमला हैरिस की मां भारतीय थीं.