T20 World Cup 2026

'मसूद अजहर था संसद हमले और 26/11' का मास्टरमाइंड, जैश कमांडर के दूसरे खुलासे ने पाकिस्तान के सीमा पार 'आतंकिस्तान' की खोली पोल

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मसूद इलियास कश्मीरी ने वीडियो बयान में माना है कि मसूद अजहर संसद हमले और 26/11 मुंबई हमले की साजिश के पीछे था. उसने बताया कि अजहर का ठिकाना पाकिस्तान के बालाकोट में था. यह खुलासा पाकिस्तान की दलीलों को झूठा साबित करता है और उस पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप और मजबूत करता है.

Social Media
Km Jaya

संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी समूह के एक मुख्य कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक वीडियो बयान में दूसरा बड़ा खुलासा किया है. उसने साफ तौर पर माना है कि जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर ने दिल्ली और मुंबई पर आतंकी हमलों की साजिश रची थी. यह खुलासा पाकिस्तान की उन दलीलों को झूठा साबित करता है, जिनमें वह हमेशा से आतंकियों को पनाह देने से इनकार करता आया है.

कमांडर मसूद ने कहा कि अजहर को भारत ने पांच साल जेल में रहने के बाद छोड़ा था और वह पाकिस्तान लौटकर वहीं से आतंकी गतिविधियां संचालित करता रहा. कश्मीरी ने यह भी बताया कि अजहर का ठिकाना पाकिस्तान के बालाकोट में था, जिसे भारत ने 2019 में एयरस्ट्राइक के जरिए निशाना बनाया था.

इससे पहले भी किया बड़ा खुलासा

वीडियो में  मसूद को यह कहते सुना गया कि तिहाड़ जेल से निकलने के बाद अमीर-उल-मुजाहिदीन मौलाना मसूद अजहर पाकिस्तान आता है. बालाकोट की जमीन उसे दिल्ली और बॉम्बे (मुंबई) पर हमला करने का आधार देती है. यही अजहर है, जिसने भारत को दहशत में डालने का काम किया.' इससे पहले भी जैश के मुख्य कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक बड़ा खुलासा किया था और बताया था कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर में बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय पर हमला हुआ, जिसमें मसूद अजहर के परिवार के सदस्य और उसके चार सहयोगी मारे गए. पहली बार जैश ने सार्वजनिक तौर पर इस नुकसान को स्वीकार किया था.

पाकिस्तान सरकार और उसकी एजेंसियों पर गंभीर सवाल 

इस स्वीकृति के बाद पाकिस्तान सरकार और उसकी एजेंसियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जो अब तक लगातार आतंकी संगठनों को पनाह देने और उनके खिलाफ कार्रवाई से इनकार करती रही हैं. भारत लंबे समय से पाकिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वह सीमा पार से आतंकवाद को समर्थन देता है और आतंकी संगठनों को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराता है.

भारत का सबसे बड़ा दुश्मन 

यह बयान अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है. कश्मीर और मुंबई हमलों को लेकर भारत कई बार संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक मंचों पर सबूत पेश कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान हर बार इसे नकारता रहा है. अब जैश के ही आतंकी द्वारा किया गया यह खुलासा पाकिस्तान की रणनीति को बेनकाब कर देता है. भारत ने संसद हमले (2001) और मुंबई हमलों (2008) के बाद कई बार मसूद अजहर को भारत का सबसे बड़ा दुश्मन और वांछित आतंकवादी घोषित किया था. हालांकि, पाकिस्तान ने उसे कभी न्याय के कटघरे में नहीं लाया. इस ताजा खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव पाकिस्तान पर और बढ़ सकता है.