Israel Hamas War: इजरायली सेना ने मंगलवार को गाजा के एक स्कूल में एयरस्ट्राइक की. इस एयरस्ट्राइक में 57 लोगों की मौत हो गई और 73 से ज्यादा लोग घायल हो गए. समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, जिस स्कूल पर हमला हुआ वह संयुक्त राष्ट्र का था. इस स्कूल में शरणार्थी रह रहे थे. पिछले 15 दिनों के भीतर इजरायल का यह तीसरा बड़ा हमला है. इजरायल के इस कदम पर यूएन ने आपत्ति जताई है. गाजा का खान यूनिस नासिर अस्पताल घायलों से भर चुका है.
फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह हमास ने इजरायल पर आरोप लगाया है कि वह गाजा में हमले बढ़ा रहा है ताकि अरब मध्यस्थों और अमेरिका के बीच युद्ध विराम समझौते पर पहुंचने के प्रयासों को पटरी से उतार सके. इजरायल का कहना है कि वह हमास लड़ाकों को जड़ से उखाड़ने की कोशिश कर रहा है.
गाजा स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी सीमावर्ती शहर राफा में जहां इजरायली सेना मई से काम कर रही है. एक घर पर हवाई हमले में पांच फिलिस्तीनी मारे गए. उन्होंने बताया कि पास के खान यूनिस में एक व्यक्ति उसकी पत्नी और दो बच्चे मारे गए .अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में एक कार पर इजरायली हवाई हमले में कम से कम 17 फिलिस्तीनी मारे जाने की सूचना दी. इसके अलावा हमले में 26 अन्य लोग घायल हो गए.
रॉयटर्स के फुटेज में दिखाया गया है कि लोग मृतकों और घायलों के शवों को गधा गाड़ियों और रिक्शा पर लादकर अस्पताल ले जा रहे हैं. पास ही एक तंबू में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि कार को निशाना बनाया गया. हमने मृतकों को गाड़ियों और रिक्शा पर बिठाया और एम्बुलेंस कुछ देर बाद आई. इसके कुछ घंटों बाद, नुसेरात शिविर में विस्थापित परिवारों के लिए बने संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित स्कूल पर इजरायली हवाई हमले में 23 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि उसने नागरिकों के लिए खतरे को कम करने के लिए कदम उठाते हुए स्कूल के अंदर से सक्रिय आतंकवादियों के एक समूह पर हमला किया. मिस्र के सुरक्षा सूत्रों ने बताया इजरायल द्वारा हमास के शीर्ष सैन्य प्रमुख मोहम्मद डेफ को निशाना बनाने के बाद संघर्ष समाप्त करने के प्रयास ठप्प हो गए हैं. वार्ता से जुड़े एक फिलीस्तीनी अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि इजरायल के बढ़ते हमलों के बावजूद हमास वार्ता को रोकने के पक्ष में नहीं है.