इजराइल ने लेबनान की राजधानी में किया हमला, तीन दिनों के अंदर ले लिया गोलान हाइट्स हमले का बदला!

Israel Hezbollah Tensions: इजराइली सेना ने तीन दिनों के अंदर गोलान हाइट्स में हुए हमले का बदला ले लिया. 27 जुलाई को लेबनान समर्थित आतंकी संगठन हिजबुल्लाह के हमले में बच्चों समेत 12 लोग मारे गए थे. हमले के तीन दिनों के बाद यानी 30 जुलाई को इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला कर दिया. इजराइली कार्रवाई में गोलान हाइट्स हमले के लिए जिम्मेदार हिजबुल्लाह कमांडर के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

Social Media
India Daily Live

Israel Hezbollah Tensions: इजराइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने मंगलवार दोपहर लेबनान की राजधानी बेरूत में हमला कर दिया. कहा जा रहा है कि ये हमला 27 जुलाई को इजराइल के कब्जे वाले गोलान हाइट्स में किए गए हिजबुल्लाह के हमला का बदला था. इजराइल की ओर से किए गए हमले में गोलान हाइट्स में किए गए हमले के जिम्मेदार हिजबुल्लाह के कमांडर के मारे जाने की पुष्टि हुई है. दावा किया गया है कि इजराइली सेना ने बेरूत के पास हिजबुल्लाह के सबसे सीनियर मिलिट्री कमांडर फुआद शुकर उर्फ सैय्यद मुहसन को मार गिराया.

यूनाइटेड स्टेट्स रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस के अनुसार, मारे गए हिजबुल्लाह के कमांडर के सिर पर 5 मिलियन डॉलर का इनाम था. मारा गया शुकर हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह का सैन्य सलाहकार था और 30 साल से आतंकवादी संगठन में सक्रिय था. शुकर को 'हज्ज मोहसेन' और 'मुहसिन शुकर' के नाम से भी जाना जाता था. 

बेरूत में हुए इजराइली हमले को लेकर अमेरिका ने क्या कहा?

अमेरिकी विदेश विभाग ने मंगलवार को कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका इजरायल और लेबनानी समूह हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष को बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीति जारी रखेगा. विदेश विभाग के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने एक ब्रीफिंग में कहा कि हम एक कूटनीतिक समाधान की दिशा में काम करना जारी रखे हुए हैं, जिससे इजरायली और लेबनानी नागरिक अपने घरों को लौट सकें. शांति और सुरक्षा के साथ रह सकें. उन्होंने दोहराया कि इजरायल के लिए अमेरिकी समर्थन बना हुआ है.

उन्होंने कहा कि इजराइल को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है और निश्चित रूप से उसे ऐसे खतरों का सामना करना पड़ रहा है, जैसा विश्व के उस क्षेत्र में किसी अन्य देश को नहीं करना पड़ रहा है. उधर, संयुक्त राष्ट्र की स्पेशल को-ऑर्डिनेटर जीनिन हेनिस-प्लास्चर्ट ने मंगलवार को देर रात बेरूत के घनी आबादी वाले दक्षिणी इलाके में इजरायल की ओर से किए गए हमले पर चिंता व्यक्त की, जिसके कारण कई नागरिक हताहत हुए.