IMD AQI

Israel-Hamas war ceasefire: हमास आज 13 इजराइली बंधकों की करेगा रिहाई, इनमें महिलाएं-बच्चे शामिल

शुक्रवार यानी आज शाम करीब 7 बजे (भारतीय समयानुसार) हमास की ओर से बंधक बनाए गए 13 इजराइली लोगों को छोड़ा जाएगा. इनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

Israel-Hamas war ceasefire: इजराइल-हमास जंग के बीच आज से चार दिनों का युद्धविराम शुरू हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, पहले हमास की ओर से इजराइली बंधकों को छोड़ा जाएगा, जिसके बदले इजराइल सरकार फिलिस्तीन के कैदियों को छोड़ेगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल के करीब 240 लोग हमास के कब्जे में हैं. इनमें सैनिक और आम जनता शामिल हैं. बता दें कि कतर और मिस्र की मध्यस्थता के बाद इजराइल और हमास ने चार दिनों के युद्धविराम पर सहमति जताई है. 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार यानी आज शाम करीब 7 बजे (भारतीय समयानुसार) हमास की ओर से बंधक बनाए गए 13 इजराइली लोगों को छोड़ा जाएगा. इनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. इसके बाद इजराइल की ओर से 39 फिलिस्तीनी कैदियों को छोड़ा जाएगा. कहा जा रहा है कि हर एक इजराइली के बदले में नेतन्याहू सरकार 3 कैदियों को रिहा करेगा. 

युद्धविराम के दौरान गाजा में पीड़ितों के पास जरूरी सामान भी पहुंचेंगे

चार दिनों के युद्धविराम के बीच इजराइल और हमास के बीच कैदियों-बंधकों की अदला-बदली होगी. वहीं, 7 अक्टूबर से इजराइल की ओर से जारी जवाबी कार्रवाई पर विराम लगने के बाद गाजा में पीड़ितों के घर जरूरी सामान पहुंचाए जाएंगे. गाजा के अधिकारियों के मुताबिक, युद्ध के दौरान जरूरतमंदों तक राशन और अन्य जरूरी सामान नहीं पहुंच पा रहा था. 

इजराइल के सैन्य प्रवक्ता युद्धविराम को लेकर क्या बोले?

युद्धविराम को लेकर इजराइल के सैन्य प्रवक्ता डैनियल हगारी ने कहा कि ये जटिल दिन होंगे और कुछ भी निश्चित नहीं है... इस प्रक्रिया के दौरान भी बदलाव हो सकते हैं. उत्तरी गाजा पर नियंत्रण लंबे समय के बाद हुआ है, हम अगले चरण की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि युद्धविराम से पहले लड़ाई सामान्य से अधिक गति से जारी रही. इजराइल के जेट विमानों ने हमास आतंकियों के 300 से अधिक ठिकानों को टार्गेट बनाया. 

इज़राइल ने गुरुवार को कहा कि उसने गाजा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफा के प्रमुख मुहम्मद अबू सलामिया को पकड़ लिया है. आरोप है कि हमास कमांड सेंटर के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे अस्पताल में सलामिया की अहम भूमिका है. वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संघर्ष विराम समाप्त होने के बाद युद्ध जारी रखने और हमास की सैन्य क्षमताओं को नष्ट करने की बात कही है. उन्होंने गाजा में हमास के 16 साल लंबे शासन को समाप्त करने और बंधक बनाए गए 240 इजराइलियों को छुड़ाने का भी वादा किया. 

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, तुर्की के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि वह शुक्रवार को गाजा से घायल या बीमार बच्चों और युवाओं को निकालने की योजना बना रहा है. बता दें कि हमास और इजराइल के बीच जारी जंग में 14,500 लोग (13,300 फिलिस्तीनी और 1,200 इजरायली) अपनी जान गंवा चुके हैं.