'आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं…', मोजतबा खामेनेई ने की इजराइल के खिलाफ हिज्बुल्लाह के रुख की सराहना

ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मुजतबा खामेनेई ने लेबनान के सशस्त्र गुट हिजबुल्लाह की इजराइल के खिलाफ सख्त मुकाबले की तारीफ की है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मुजतबा खामेनेई ने लेबनान के सशस्त्र गुट हिजबुल्लाह की इजराइल के खिलाफ सख्त मुकाबले की तारीफ की है. उन्होंने हिजबुल्लाह के साहस को दुनिया भर के दबे-कुचले लोगों के लिए उम्मीद और आजादी का प्रतीक बताया. खामेनेई ने एक्स पर हिजबुल्लाह के महासचिव शेख नैम कासेम और उनके लड़ाकों के पत्र का जवाब दिया. 

उन्होंने पोस्ट करते हुए  लिखा कि हिजबुल्लाह इजराइल की क्रूर आक्रामकता के सामने अटल चट्टान की तरह खड़ा रहा है. उन्होंने कहा, “आज जब पूरी दुनिया अमेरिका की ज्यादतियों और अपराधी जियोनिस्टों (इजराइल) से थक चुकी है, तो आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता जिहाद और प्रतिरोध ही है.”


खामेनेई ने साफ किया कि ईरान हिजबुल्लाह और लेबनान की रक्षा को अपनी रणनीतिक जिम्मेदारी मानता है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ कोई भी समझौता लेबनान पर इजराइल के हमलों को रोकने का प्रावधान जरूर शामिल करे. उन्होंने दक्षिणी लेबनान के लोगों की बहादुरी की तारीफ की और शहीद हुए हिजबुल्लाह लीडर सय्यद हसन नसरल्लाह समेत अन्य कमांडरों को श्रद्धांजलि दी.

खामेनेई ने कहा कि हिजबुल्लाह के लड़ाकों ने इस संगठन को एक छोटे पौधे से विशाल पेड़ में बदल दिया है. उनकी मेहनत से लेबनान को इस्लामी दुनिया में सम्मान मिला है.