‘मिस्टर मुनीर, आप फायर हो गए...’, ईरानी पत्रकार ने पाक आर्मी चीफ को लताड़ा, PM मोदी की जमकर की तारीफ
BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान ईरानी पत्रकार बसीम लालेह ने पाकिस्तान और सेना प्रमुख असीम मुनीर पर तीखा हमला बोला. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती कूटनीतिक भूमिका और भारत के प्रभाव की तारीफ की.
नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान ईरानी पत्रकार बसीम लालेह का एक बयान चर्चा में आ गया. उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा, “मिस्टर मुनीर, आपको हटा दिया गया है.” साथ ही उन्होंने पश्चिम एशिया में भारत की बढ़ती भूमिका की सराहना की.
मुनीर पर सीधा हमला, बोले- ‘आपको हटा दिया गया’
ANI से बातचीत में बसीम लालेह ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुनीर वैश्विक शांति और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े सुरक्षा मुद्दों को हल करने में सफल नहीं रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने बेहद तीखे अंदाज में कहा, “मिस्टर मुनीर, आपको हटा दिया गया.” उनके बयान को पाकिस्तान की क्षेत्रीय भूमिका पर सीधे हमले के तौर पर देखा गया.
पाकिस्तान की क्षेत्रीय भूमिका पर उठाए सवाल
ईरानी पत्रकार ने दावा किया कि पाकिस्तान लंबे समय से खुद को मध्य पूर्व की सुरक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण देश के रूप में पेश करता रहा है, लेकिन उसके प्रदर्शन से ये दावे साबित नहीं होते. लालेह ने पाकिस्तान पर क्षेत्रीय शांति और होर्मुज की सुरक्षा में प्रभावी योगदान नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने पाकिस्तान की आर्थिक मुश्किलों और बाहरी वित्तीय मदद पर निर्भरता का भी जिक्र किया.
Also Read
भारत-ईरान-UAE की बढ़ती नजदीकी का जिक्र
लालेह ने पश्चिम एशिया में बदलते कूटनीतिक समीकरणों का उदाहरण देते हुए भारत, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच बढ़ते संपर्क की बात कही. BRICS सम्मेलन के दौरान ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और UAE के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की मुलाकात भी चर्चा में रही. पत्रकार ने इसे क्षेत्रीय देशों के बीच बदलते रिश्तों का संकेत बताया.
मोदी की तारीफ, दो महीने में शांति का दावा
ईरानी पत्रकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक और क्षेत्रीय भूमिका की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि BRICS की अध्यक्षता और भारत की सक्रिय कूटनीति ने नई दिल्ली का प्रभाव बढ़ाया है. लालेह ने दावा किया कि आने वाले दो महीनों में युद्ध का खतरा कम हो सकता है. उन्होंने भारत के संवाद, व्यापार और आर्थिक सहयोग पर जोर को पाकिस्तान की कथित अस्थिरता से अलग बताया.