FIFA World Cup 2026

'तुम्हें तो सिर्फ 250 साल हुए, हम 7000 साल पुरानी सभ्यता...', ट्रंप की पाषाण युग वाली धमकी पर ईरान का करारा पलटवार

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को पाषाण युग में पहुंचाने की धमकी दी थी. इसके बाद ईरान ने भी इस धमकी का करारा पलटवार देते हुए एक अजब-गजब तथ्य सामने रखा है...

X
Ashutosh Rai

मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच जारी भीषण युद्ध अब हथियारों के साथ-साथ तीखी बयानबाजी में भी तब्दील हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर बमबारी कर उसे पाषाण युग में भेजने की खौफनाक चेतावनी के बाद, तेहरान ने भी जोरदार पलटवार किया है. ईरान ने वाशिंगटन पर पाषाण युग के बर्बर अपराधों को आधुनिक दुनिया में लाने का गंभीर आरोप लगाया है.

ट्रंप का अल्टीमेटम

हाल ही में राष्ट्र के नाम अपने एक बहुप्रतीक्षित संबोधन में राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका अपने सैन्य उद्देश्यों को जल्द ही पूरा करने की राह पर है. उन्होंने ईरान को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि वाशिंगटन पूरे ईरान में ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखेगा. ट्रंप ने कहा, "हम अगले दो से तीन हफ्तों में उन पर बेहद जोरदार हमला करने जा रहे हैं. हम उन्हें वापस पाषाण युग में भेजने जा रहे हैं, जहां के वे असल में लायक हैं."

ईरान का पलटवार

ट्रंप की इस धमकी पर ईरान ने अपनी ऐतिहासिक विरासत का हवाला देते हुए कड़ा जवाब दिया है. भारत स्थित ईरानी दूतावास के आधिकारिक 'X' हैंडल से जारी एक बयान में कहा गया, "हम 7,000 साल पुरानी सभ्यता वाले एक महान राष्ट्र हैं. इतिहास हमें अच्छी तरह जानता है. साफ बात तो यह है कि यह आप ही हैं, जो बच्चों की हत्या और मानवता के खिलाफ अपराधों को पाषाण युग से निकालकर आधुनिक दुनिया में ले आए हैं."


IRGC ने याद दिलाया अमेरिका का 250 साल का इतिहास

ईरान की एलीट मिलिट्री यूनिट 'IRGC' के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने भी अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ की सोशल मीडिया पोस्ट का आक्रामक जवाब दिया. मूसावी ने 'X' पर लिखा, "हॉलीवुड के भ्रम ने आपके दिमाग में इतना जहर भर दिया है कि आप अपने महज 250 साल के इतिहास के साथ 6,000 साल से भी ज्यादा पुरानी सभ्यता को तबाह करने की धमकी दे रहे हैं. असल में आप ही अपने सैनिकों को उनकी कब्रों में ले जा रहे हैं."

'अमेरिका को हमारी ताकत का अंदाजा नहीं'

ट्रंप के इस दावे पर कि ईरानी सेना पूरी तरह से तबाह हो चुकी है, ईरानी सेना के प्रवक्ता ने वाशिंगटन को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अमेरिका को ईरान की रणनीतिक और सैन्य क्षमताओं के बारे में कुछ भी पता नहीं है. प्रवक्ता ने चेताया कि अमेरिका के ऐसे गलत अनुमान उसे उस युद्ध के 'दलदल' में और भी गहरा धकेलेंगे, जिसमें वह पहले से ही फंस चुका है.