'अब अगर हमला हुआ तो परमाणु बम...' ईरान ने US को दी अब तक की सबसे बड़ी धमकी
ईरान ने अमेरिका और इजरायल को अब तक की सबसे बड़ी धमकी दे दी है. उन्होंने कहा कि अगर हमला हुआ तो इसके परिणाम खतरनाक हो सकते हैं.
मिडल ईस्ट में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. ईरान ने अमेरिका को अब तक की सबसे बड़ी धमकी दे दी है. उन्होंने साफ कर दिया कि अगर अब हमला हुआ, तो परमाणु बम बनाया जाएगा. इस चेतावनी ने पूरी दुनिया को चौंका कर रख दिया है. ईरान के पास अभी भी 60% तक संवर्धित यूरेनियम मौजूद है.
ईरान का बड़ा संकेत
ईरानी संसद के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अगर ईरान पर दोबारा हमला किया गया तो देश यूरेनियम को 90 प्रतिशत तक संवर्धित कर देगा. 90 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम परमाणु हथियार बनाने के लिए उपयुक्त माना जाता है. उनके इस बयान के बाद पूरी दुनिया में चिंता बढ़ गई है. फिलहाल ईरान के पास लगभग 400 किलोग्राम 60 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम होने की बात सामने आ रही है.
यूरेनियम भंडार को पूरी तरह तबाह करना हैः अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल दावा किया था कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के परमाणु ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया गया था. हालांकि, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि जब तक ईरान के उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार को पूरी तरह हटाया नहीं जाता, तब तक उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह कमजोर नहीं होगा.
सीजफायर के बीच बढ़ी बेचैनी
ईरान और अमेरिका के बीच फिलहाल सीजफायर लागू है लेकिन हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं. दोनों देशों के बीच सबसे बड़ा विवाद परमाणु कार्यक्रम को लेकर ही है. अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने उच्च संवर्धित यूरेनियम को देश से बाहर भेजे और घरेलू स्तर पर संवर्धन रोक दे. दूसरी तरफ ईरान का कहना है कि पहले प्रतिबंधों और दबाव की राजनीति खत्म होनी चाहिए .इसी खींचतान के चलते बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है.