T20 World Cup 2026

क्या अमेरिका-इजरायल ने ईरानी जहाज पर किया हमला? श्रीलंका के पास डूबा युद्धपोत, 100 से अधिक लापता

जहाज पर सवार 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कुछ नाविक घायल थे, जिन्हें दक्षिण श्रीलंका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Chat GPT
Anuj

नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान का तनाव बढ़ता ही जा रहा है. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं. इस बीच ईरान की नौसेना का एक युद्धपोत श्रीलंका के पास समुद्र में डूबने की खबर सामने आई है.

ईरानी जहाज आइरिस डेना की ओर से बुधवार सुबह आपातकालीन संदेश भेजा गया था, जिसके बाद श्रीलंका की नौसेना ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जहाज देश के समुद्री क्षेत्र की सीमा के ठीक बाहर डूबने की स्थिति में था.

30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

जहाज पर सवार 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कुछ नाविक घायल थे, जिन्हें दक्षिण श्रीलंका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 100 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. बताया गया कि ईरानी फ्रिगेट पर कुल 180 चालक दल के सदस्य मौजूद थे. संकट का संदेश मिलते ही श्रीलंका की नौसेना ने दो युद्धपोत और एक विमान को राहत कार्य के लिए रवाना किया.

अंतरराष्ट्रीय समुद्री नियमों के तहत कार्रवाई

श्रीलंका नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय समुद्री नियमों के तहत की गई. उन्होंने बताया कि हिंद महासागर में तय खोज और बचाव क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण श्रीलंका ने मदद की. गाले स्थित मुख्य अस्पताल को भी पहले से अलर्ट पर रखा गया था.

श्रीलंका ने सरकार क्या बताया?

जहाज किस वजह से डूबने की स्थिति में पहुंचा, इस पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. संसद में एक विपक्षी सांसद ने सवाल उठाया कि क्या अमेरिका और इजरायल के हमलों के तहत इस जहाज को निशाना बनाया गया था? हालांकि, सरकार ने इस पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया.

मीडिल ईस्ट में तनाव 

यह घटना ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ा हुआ है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख ने हाल ही में दावा किया था कि ईरान के 17 जहाजों को नष्ट किया जा चुका है. समुद्र में हुई इस ताजा घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा और समुद्री गतिविधियों को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं. फिलहाल, जहाज के डूबने के कारणों की जांच जारी है.