'जब अपने बच्चे को Kiss करें तो...', ईरान ने कैरोलिन लेविट को मां बनने पर दिलाई मिनाब नरसंहार की याद

मिनाब ईरान का वही शहर है जिसके एक स्कूल पर 28 फरवरी को हुए अमेरिकी हमले में पांच से सात वर्ष के 160 से अधिक बच्चे मारे गए थे.

@karolineleavitt
Sagar Bhardwaj

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया है. दोबारा मां बनने के लिए ईरान ने लेविट को बधाई दी. हालांकि ईरान ने लेविट को बधाई देते हुए अमेरिका द्वारा मिनाब शहर में हुए नरसंहार की याद भी दिलाई और कहा कि उन बच्चों की माताओं के बारे में सोचें.

बता दें कि मिनाब ईरान का वही शहर है जिसके एक स्कूल पर 28 फरवरी को हुए अमेरिकी हमले में पांच से सात वर्ष के 160 से अधिक बच्चे मारे गए थे. 28 फरवरी वही तारीख है जिस दिन ईरान-अमेरिका और इजरायल युद्ध शुरू हुआ था.

आर्मेनिया में ईरान के दूतावास ने एक्स पर लेविट को बधाई संदेश देते हुए लिखा, 'आपको बधाई हो. बच्चे मासूम और प्यारे होते हैं. मिनाब के एक स्कूल में आपके बॉस द्वारा मारे गए वे 168 बच्चे  जिन्हें आपने जायज ठहराया, वे भी बच्चे ही थे. जब आप अपने बच्चे को किस करें तो उन बच्चों की माताओं के बारे में भी सोचें.' हालांकि रिपोर्ट लिखे जाने तक लीवेट ने ईरान के पोस्ट पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

नन्ही परी के साथ शेयर की तस्वीर

लेविट ने एक्स पर अपनी नवजात बेटी के साथ अपनी फोटो शेयर की और कहा, '1 मई को विवियाना जिसे हम 'विवी' भी कहते हैं, हमारे परिवार में शामिल हुई और हमारा दिल तुरंत प्यार से भर गया. वह बिल्कुल ठीक और स्वस्थ है और उसका बड़ा भाई अपनी नन्ही बहन के साथ खुशी-खुशी जीवन में ढल रहा है. हम अपने नवजात शिशु के साथ बिताए हर पल का आनंद ले रहे है. मेरी प्रेग्नेंसी के दौरान प्रार्थना करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद- मैंने पूरे अनुभव के दौरान उनकी प्रार्थनाओं को महसूस किया. ईश्वर महान है.'