US Israel Iran War

अमेरिका-ईरान के बीच 2 सप्ताह का युद्धविराम: जंग समाप्त करने के लिए तेहरान के 10 सूत्री प्रस्ताव में क्या है?

ट्रंप द्वारा दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद ईरान ने इसे अपनी ‘ऐतिहासिक जीत’ बताया है. तेहरान का दावा है कि अमेरिकी दबाव और सैन्य ताकत के आगे झुका.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: मंगलवार रात डोनाल्ड ट्रंप की युद्धविराम घोषणा के कुछ घंटों बाद ईरान ने बड़े दावे किए हैं. तेहरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इसे अमेरिका पर अपनी जीत बताया है. ईरान का कहना है कि उसके सैन्य और राजनीतिक दबाव के कारण अमेरिका को हमले रोकने पड़े. अब दोनों पक्ष दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं. ईरान ने 10 सूत्री व्यापक योजना भी पेश की है. तेहरान इसे रणनीतिक सफलता मान रहा है. हालांकि युद्धविराम को स्थायी शांति नहीं बल्कि एक अस्थायी विराम बताया गया है. अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो लड़ाई फिर शुरू हो सकती है. 

ईरान का ऐतिहासिक जीत वाला दावा

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि अमेरिका मजबूर होकर बमबारी अभियान रोकने को तैयार हुआ. तेहरान का दावा है कि उसने अमेरिका को अपनी 10 सूत्री योजना मानने पर विवश किया. युद्ध 40वें दिन तक चला और ईरान ने कभी समझौते की जल्दबाजी नहीं की.

अमेरिका पर सैन्य-राजनीतिक दबाव

परिषद के अनुसार अमेरिका एक महीने से अधिक समय से युद्धविराम चाह रहा था, लेकिन ईरान ने अपनी शर्तों पर अड़ा रहा. अंत में तेहरान के दबाव के आगे वाशिंगटन को झुकना पड़ा. ईरान इसे दुश्मन की हताशा और पछतावे के रूप में देख रहा है.

10 सूत्री प्रस्ताव में क्या है?

  1. इराक, लेबनान और यमन पर युद्ध की पूर्ण समाप्ति.
  2. ईरान के खिलाफ युद्ध की पूर्ण और स्थायी समाप्ति, बिना किसी समय सीमा के.
  3. इस क्षेत्र में सभी संघर्षों को पूरी तरह से समाप्त करना.
  4. होर्मुज जलडमरूमध्य को पुनः खोलना.
  5. होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रोटोकॉल और शर्तें स्थापित करना.
  6. ईरान को पुनर्निर्माण लागत के मुआवजे का पूरा भुगतान किया जाए.
  7. ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता
  8. अमेरिका के पास मौजूद ईरानी निधियों और जमे हुए परिसंपत्तियों की रिहाई.
  9. ईरान परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश न करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
  10. उपरोक्त शर्तों की स्वीकृति मिलते ही सभी मोर्चों पर तत्काल युद्धविराम लागू हो जाएगा.

वाशिंगटन की चुप्पी

ईरान के इन बड़े दावों और 10 सूत्री योजना पर अमेरिका की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं आई है. व्हाइट हाउस ने सिर्फ युद्धविराम की घोषणा की है, बाकी बातचीत पर आगे की जानकारी देनी बाकी है.

ईरान की रणनीतिक सफलता

ईरान इस युद्धविराम को अपनी सैन्य ताकत और कूटनीतिक समझदारी की जीत बता रहा है. तेहरान अब अपनी मांगों को मजबूती से रखते हुए आगे की बातचीत की तैयारी कर रहा है.

आगे क्या होगा?

दो सप्ताह के इस विराम के दौरान अगर 10 सूत्री योजना पर ठोस सहमति बन गई तो मध्य पूर्व में लंबे समय तक शांति की उम्मीद जगेगी. लेकिन असफलता की स्थिति में तनाव फिर बढ़ सकता है.