अमेरिका में 17 साल के भारतीय मूल के किशोर पर मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप, ChatGPT से जुड़ा बड़ा दावा

अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान अर्जुन अरविंद के रूप में हुई है.

X (@DAMarianRyan)
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान अर्जुन अरविंद के रूप में हुई है. वह एक्टन इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने अर्जुन पर दो हत्या के मामलों समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतकों की पहचान उसकी मां सुधा वेंकटेशन (45 साल) और छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद (14 साल) के रूप में हुई है। 

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार को एक्टन स्थित परिवार के घर में हुई. घटना के बाद अर्जुन अपनी मां की कार लेकर वहां से चला गया. अर्जुन के पिता ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस जब परिवार के घर पहुंची तो पहली मंजिल पर सिद्धार्थ और बेसमेंट में सुधा मिलीं. पुलिस के मुताबिक दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे.

किशोर पर लगे कई आरोप:

अर्जुन पर दो हत्या के अलावा परिवार के सदस्य पर हमला करने और मारपीट के दो आरोप, दो अन्य हमले के आरोप, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने और मोटर वाहन चोरी करने जैसे मामले दर्ज किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है.


ChatGPT से पूछा था परिवार की हत्या कैसे की जाए?

मामले को लेकर एक और बता सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, अर्जुन इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक सवालों के लिए करता था. Middlesex District Attorney के अनुसार, अर्जुन कथित तौर पर काल्पनिक कहानियां और किरदार बनाता था. इन कहानियों में परिवार की हत्या जैसे विषय शामिल होते थे. वह कथित तौर पर यह भी पूछता था कि किसी व्यक्ति की हत्या कैसे की जा सकती है. हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि इस पूरे मामले की जांच अभी जारी है. इसलिए ChatGPT से जुड़ी जानकारी को जांच के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है.

अब कोर्ट में होगी अगली कार्रवाई:

पुलिस ने अर्जुन को बुधवार को हिरासत में ले लिया. अब उसे लोवेल जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा. हत्या और उससे जुड़े अन्य आरोपों को लेकर उसे कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में भी पेश किया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.