रेप किया, कपड़े उतारे, जलाया… लंदन में भारतीय मूल के गगनदीप सिंह को 34 साल की सजा

लंदन में एक भारतीय मूल के व्यक्ति गगनदीप सिंह को अपहरण और दो बार बलात्कार करने के जुर्म में 34 साल की जेल की सजा सुनाई गई है.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: लंदन में एक भारतीय मूल के व्यक्ति गगनदीप सिंह को अपहरण और दो बार बलात्कार करने के जुर्म में 34 साल की जेल की सजा सुनाई गई है. गगनदीप को फरवरी महीने में दोषी करार दिया गया था, जिसके बाद 13 जून को आइलवर्थ क्राउन कोर्ट ने यह फैसला सुनाया. सजा में 28 साल जेल में रहना और 6 साल की निगरानी वाली छूट शामिल है. वह कम से कम 18 साल तक जेल से बाहर नहीं आ सकेगा.

क्या है पूरा मामला:

इस मामले की बात करें तो 24 साल की एक युवती को जून 2024 में थाईलैंड से यूके आते समय एक संदिग्ध सूटकेस लेकर आने को कहा गया. जब उसने मना कर दिया तो बर्मिंघम एयरपोर्ट पर मास्क लगाए गुंडे उसे जबरन कार में बैठाकर लंदन के हेनवेल इलाके के एक घर ले गए. वहां गगनदीप सिंह ने उसके साथ दो बार बलात्कार किया. सिर्फ इतना ही नहीं, युवती को पीटा गया, कपड़े उतारे गए, जलाया भी दिया. जब गगनदीप ने पीड़िता को छोड़ा तो उसे धमकी दी कि वो ये बात किसी को न बताए. 

मां की जिद ने पकड़ाया अपराधी: 

पीड़िता डर के मारे पुलिस से कुछ कहना नहीं चाहती थी, लेकिन उसकी मां ने हिम्मत नहीं हारी. मां ने कपड़े और मेडिकल रिपोर्ट जैसे सबूत संभालकर रखे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. फोरेंसिक जांच में इन सबूतों ने गगनदीप सिंह को पकड़ने में बड़ी मदद की. पीड़िता ने बाद में कहा कि वह बहुत शर्मिंदा और डरी हुई थी. उसकी मां ने कहा कि अगर चुप रहे तो और लड़कियों के साथ भी ऐसा हो सकता है.


क्या है पीड़िता का कहना:

पीड़िता ने अन्य पीड़ितों से कहा, “मुझे बहुत शर्म लग रही थी. लेकिन याद रखो, शर्म अपराध करने वाले की होनी चाहिए, पीड़ित की नहीं. हम जीवित रहते हैं और फिर से जिंदगी जीते हैं.” लंदन पुलिस ने कहा कि पीड़िता बहुत बहादुर है. उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराधों के लिए अपनी टीम और सहायता सेवाओं को और मजबूत किया है.