गर्लफ्रेंड की हत्या के बाद अमेरिका से फरार हुआ भारतीय युवक, जर्मनी में हुआ गिरफ्तार

अमेरिका के एरिजोना में 19 वर्षीय जुलिसा रूबी सालाजार की हत्या के मामले में वांछित 20 वर्षीय भारतीय युवक वरुण बाचीगारी को जर्मनी में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी अमेरिका से भागकर यूरोप पहुंचा था और भारत जाने की कोशिश में था.

X (@arroba_machi)
Shanu Sharma

अमेरिका के एरिजोना में 19 वर्षीय जुलिसा रूबी सालाजार की हत्या के मामले में वांछित 20 वर्षीय भारतीय युवक वरुण बाचीगारी को जर्मनी में गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी अमेरिका से भागकर यूरोप पहुंच गया. इतना ही नहीं यहां से वह फिर भारत जाने की कोशिश में था, लेकिन असफल रहा.

 एरिजोना में अपार्टमेंट से मिला था युवती का शव

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जुलिसा रूबी सालाजार का शव गुरुवार को टक्सन में यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के पास स्थित उसके अपार्टमेंट में मिला था. पुलिस को उसके शरीर पर चोट के निशान मिले थे. जांच अधिकारियों को यौन उत्पीड़न की आशंका भी है. मामले में वरुण बाचीगारी पर प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया गया है.


पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद वरुण ने अमेरिका से बाहर निकलने की कोशिश की. जांच में सामने आया कि उसने जुलिसा का फोन और क्रेडिट कार्ड अपने कब्जे में ले लिए थे. इसके बाद उसने जुलिसा की मां को कई संदेश भी भेजे. पुलिस को उसके टक्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने के बारे में जानकारी मिली, जहां से उसने ह्यूस्टन की उड़ान पकड़ी. इसके बाद वह ह्यूस्टन से बर्लिन पहुंचा. रिपोर्ट के मुताबिक, उसका इरादा आगे भारत जाने का था.

रिश्ता खत्म करने को लेकर हुआ था विवाद

जुलिसा के रूममेट्स ने पुलिस को बताया कि उन्हें वरुण और जुलिसा के रिश्ते को लेकर पहले से चिंता थी. उनके मुताबिक, वरुण के घरेलू हिंसा के पुराने आरोपों के कारण जुलिसा उससे रिश्ता खत्म करने का फैसला कर रही थी. हत्या से पहले रूममेट्स ने जुलिसा के कमरे से तेज चीखने की आवाजें सुनी थीं.

बाद में उन्होंने यह जानने के लिए उससे संपर्क किया कि वह सुरक्षित है या नहीं. उन्हें जवाब मिला कि वह ठीक है. हालांकि, इसके कुछ समय बाद उसकी मौत की जानकारी सामने आई. रिपोर्ट के अनुसार, वरुण बाचीगारी यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में बिजनेस एनालिटिक्स का छात्र था. एक विवाद के बाद उसे विश्वविद्यालय से निकाल दिया गया था. उसके खिलाफ घरेलू हिंसा से जुड़े आरोपों का भी पुराना रिकॉर्ड बताए जाने की बात सामने आई है.