ट्रंप के 'नरक' वाले तंज पर भारत का स्ट्रांग रिएक्शन, सोशल मीडिया पर रिशेयर किया था पोस्ट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक विवादस्पद बयान का समर्थन किया है. जिसके बाद भारत सरकार ने इसपर अपनी कड़ी आपत्ति जताई है.

X (@SurajKrBauddh)
Shanu Sharma

भारत सरकार ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एक विवादास्पद पोस्ट को समर्थन देने पर कड़ी आपत्ति जताई. ट्रंप ने रूढ़िवादी रेडियो होस्ट माइकल सैवेज की सामग्री को रीपोस्ट किया था, जिसमें भारत और चीन जैसे देशों को 'धरती पर नरक'  करार दिया गया था. विदेश मंत्रालय ने इन टिप्पणियों को बिना जानकारी वाली, अनुचित और खराब सोच वाली बताया है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नई दिल्ली ने मूल टिप्पणियों और अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी स्पष्टीकरण दोनों पर ध्यान दिया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ये टिप्पणियां स्पष्ट रूप से बिना जानकारी के आधार पर की गई हैं, अनुचित हैं और खराब सोच को दर्शाती हैं.

जन्मसिद्ध नागरिकता पर मचा बवाल

जायसवाल ने शुरू में संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि हमने कुछ रिपोर्टें देखी हैं. उन्होंने पूर्ण बयान जारी कर इस मुद्दे पर भारत की स्थिति स्पष्ट की. यह विवाद तब भड़का जब राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर माइकल सैवेज के सैवेज नेशन पॉडकास्ट की लिखित प्रतिलिपि और वीडियो क्लिप को रीपोस्ट किया. सैवेज अमेरिका में जन्मसिद्ध नागरिकता की नीति की आलोचना कर रहे थे. इस नीति के तहत अमेरिका की धरती पर जन्म लेने वाले अधिकांश बच्चों को स्वतः नागरिकता मिल जाती है, भले ही उनके माता-पिता अवैध रूप से या अस्थायी रूप से वहां रह रहे हों. सैवेज ने दावा किया कि भारत और चीन जैसे देशों से आने वाले आप्रवासी इस व्यवस्था का दुरुपयोग करते हैं.

दूतावास ने किया सिचुएशन कंट्रोल 

सैवेज की टिप्पणियों में भारत और चीन को धरती पर मौजूद नरक बताया गया था. साथ ही भारतीय और चीनी आप्रवासियों को लैपटॉप वाले गुंडे कहकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिन्होंने अमेरिकी झंडे का अपमान किया है. ट्रंप इस मुद्दे पर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं और अपनी सरकार के कार्यकारी आदेश को अदालती चुनौतियों से बचाने की कोशिश कर रहे हैं. ट्रंप की टिप्पणियों के कुछ घंटों बाद अमेरिकी दूतावास ने नुकसान नियंत्रण की कोशिश की. दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले भी भारत को महान देश बताया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना बहुत अच्छा दोस्त माना है. उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती पर जोर दिया. विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा.