पति, बच्चे की मौत, इजरायल के हमले में तबाह हुआ लेबनान की इन्फ्लुएंसर का परिवार; खुद भी लड़ रही जिंदगी की जंग

लेबनान की मशहूर इन्फ्लुएंसर और स्टाइलिस्ट नताली कमाल जिंदगी और मौत के बीच खड़ी है. इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी जंग में यह इस कहानी ने सबका दिल तोड़ दिया है...

X
Ashutosh Rai

लेबनान की मशहूर इन्फ्लुएंसर और स्टाइलिस्ट नताली कमाल अल-दीन की जिंदगी किसी दर्दनाक फिल्म की कहानी से कम नहीं है. इजरायली हवाई हमले में अपने पति और मासूम बेटी को खोने वाली नताली खुद अब मौत से जूझ रही हैं. बेरूत से करीब 10 किलोमीटर दूर आरामौन इलाके में हुए इस हमले ने एक खुशहाल परिवार को तबाह कर दिया. इस दर्दनाक कहानी ने युद्ध की एक ऐसी तस्वीर दिखाई है, जिसने हर इंसान की रूह कांप जाएगी. एक हस्ता-खेतलता परिवार कैसे चंद पलों में बर्बाद हो गया, यह देख लोग चौंक गए हैं. इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी जंग में आम नागरिकों की मौत का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. एक तरफ जहां नताली अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही हैं, वहीं उनकी बेटी का चौथा जन्मदिन कभी नहीं आएगा.

रिहायशी इमारत पर हमला

हमला उस रिहायशी इमारत पर हुआ, जहां हाल के महीनों में कई विस्थापित परिवारों ने शरण ली थी. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुरुआत में तीन मौतों की पुष्टि की थी. इसी हमले में मोहम्मद शेहाब और उनकी बेटी तालिन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वे बच नहीं सके. नताली अब भी बाशामाउन स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

कौन हैं नताली कमाल अल-दीन?

नताली, जिन्हें नताली शेहाब के नाम से भी जाना जाता है, एक जानी-मानी इन्फ्लुएंसर और स्टाइलिस्ट थी. वह लेबनानी कपड़ों के ब्रांड स्टाइलोसो बुटीक की संस्थापक थी. इंस्टाग्राम पर उनके 11,000 से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जहां वह अपनी परिवार की खुशहाल तस्वीरों और ग्लैमरस वेकेशन तस्वीरों से सबका दिल जीतती थी. मार्च 2025 में उन्होंने अपनी बेटी तालिन का तीसरा जन्मदिन केक और गुब्बारों के साथ मनाया था. तालिन की मौत उसके चौथे जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले हुई.

ब्लड डोनेशन की गुहार

सोशल मीडिया पर नताली के लिए ब्लड डोनेशन की अपील वायरल हो रही है. या सोर में प्रकाशित एक नोटिस के अनुसार, "एक युवा मां नताली कमाल अल-दीन, जिन्होंने दो दिन पहले एक हवाई हमले में अपनी बेटी और पति को खो दिया, उन्हें O+ ब्लड यूनिट्स की सख्त जरूरत है." अपील में लोगों से बाशामाउन स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल जाकर खून दान करने का अनुरोध किया गया है.

कौन थे मोहम्मद शेहाब?

मोहम्मद शेहाब लेबनान के विजुअल प्रोडक्शन इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम थे. ड्रोन फोटोग्राफी में महारत रखने वाले शेहाब ने कई टेलीविजन और फिल्म प्रोडक्शंस में योगदान दिया था. हाल ही में उन्होंने रमजान के दौरान एमबीसी और अल जदीद पर प्रसारित होने वाली सीरीज मौलाना पर काम किया था. वह लेबनानी सेना की गतिविधियों को डॉक्यूमेंट करने के लिए भी जाने जाते थे.