menu-icon
India Daily

इस्लामाबाद के एक अस्पताल में लगी आग, 15 नवजात शिशुओं की मौत

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां के एक सरकारी अस्पताल में भीषण आग लगने से करीब 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई.

Shilpa Shrivastava
इस्लामाबाद के एक अस्पताल में लगी आग, 15 नवजात शिशुओं की मौत
Courtesy: X

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां के एक सरकारी अस्पताल में भीषण आग लगने से करीब 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में आग लगी थी. यहां पर 16 नवजात बच्चे भर्ती थे. इनमें से केवल एक ही बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. बाकी के 15 बच्चों की जलकर मौत हो गई. 

रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि नर्सरी में एयर कंडीशनर लगा था. इसके कंप्रेसर के फटने से आग लग गई. आग काफी तेजी से फैलने लगी. इससे पूरे वार्ड में धुआं भर गया. बता दें कि आग अस्पताल के एमसीएच वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी थी. जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे में 14 बच्चों के शव पूरी तरह झुलस गए. 

6 दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर मौजूद:

जैसे ही घटना की सूचना मिली, बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा. रेस्क्यू अभियान में 6 दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस लगाई गईं. दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया. आग को बुझाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया. यह इसलिए किया गया, जिससे आग दोबारा न भड़के. 

मामले की चल रही जांच: 

हादसे के बाद अस्पताल में अफरातरफी का माहौल था. नवजात बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस मामले की जांच करने के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति बनाई है. समिति आग लगने का असल कारण पता लगाएगी. साथ ही यह भी जांच करेगी कि अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी तो नहीं थी.