गोल्डी बराड़ पर US का बड़ा एक्शन! FBI की टॉप-10 लिस्ट में शामिल, 1 मिलियन डॉलर का इनाम

अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ यानी सतिंदरजीत सिंह को अपनी टेन मोस्ट वॉन्टेड फ्यूजिटिव लिस्ट में शामिल किया है.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ यानी सतिंदरजीत सिंह को अपनी टेन मोस्ट वॉन्टेड फ्यूजिटिव लिस्ट में शामिल किया है. FBI ने कहा है कि जो भी उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देगा उसे 10 लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, बराड़ अमेरिका में रह रहा है और उस पर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े संगठित अपराध नेटवर्क में भूमिका निभाने के आरोप हैं.

बता दें कि अमेरिकी अदालत में गोल्डी बराड़ के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इनमें RICO साजिश, जबरन वसूली के लिए कारोबार में हस्तक्षेप और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी साजिश शामिल हैं. FBI के अनुसार, बराड़ लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े नेटवर्क में नॉर्थ अमेरिका का एक मेन लीडर है. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला अदालत में होना अभी बाकी है. 


FBI ने क्यों बढ़ाई तलाश?

FBI के लॉस एंजिल्स कार्यालय ने कहा है कि बराड़ की गिरफ्तारी एजेंसी की प्राथमिकताओं में शामिल है. उसे टेन मोस्ट वॉन्टेड फ्यूजिटिव लिस्ट में शामिल करने के साथ उसकी फोटो और कुछ आइडेंटिटी डिटेल्स को सार्वजनिक किया जाएगा. FBI ने लोगों से अपील की है कि अगर गोल्डी बराड़ के बारे में कोई जानकारी मिले तो खुद उससे संपर्क करने के बजाय लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियों को जानकारी दें.

ऑपरेशन हार्ड बॉल में बड़ा एक्शन: 

गोल्डी बराड़ के खिलाफ कार्रवाई को ऑपरेशन हार्ड बॉल से भी जोड़कर देखा जा रहा है. बता दें कि जुलाई 2026 में अमेरिका, कनाडा और यूरोप की एजेंसियों ने भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों के खिलाफ कार्रवाई की थी. अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इस ऑपरेशन में करीब 37 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए थे. इनमें हत्या, जबरन वसूली, गोलीबारी और ड्रग तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के आरोप शामिल थे. कार्रवाई के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया और कुछ फरार आरोपियों की तलाश जारी रही.

निज्जर हत्या मामले का भी जिक्र:

FBI के अनुसार, बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े एक चार्ज में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में 2023 में हुई एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक व्यक्ति की हत्या के बारे में भी बताया गया है. अमेरिकी दस्तावेजों में इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर हत्या का आदेश देने का आरोप लगाया गया है. यह मामला हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से संबंधित है.

कनाडा की एजेंसियां भी कर रही हैं सहयोग:

अमेरिका की FBI के साथ कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस भी इस जांच का सहयोग कर रही हैं. RCMP के अनुसार, गोल्डी बराड़ और उसके नेटवर्क पर हत्या, धमकी, जबरन वसूली, आगजनी और ड्रग तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं. FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारबंद बताया गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए अमेरिका और उसके अंतरराष्ट्रीय सहयोगी लगातार प्रयास कर रहे हैं.