मध्य अफ्रीकी गणराज्य में सोने की खदान ढही, 30 खनिकों की मौत; अब भी मलबे में फंसे कई लोगों!
मध्य अफ्रीकी गणराज्य में सोने की एक पुरानी खदान ढहने से कम से कम 30 खनिकों की मौत हो गई. कई मजदूर अब भी मलबे के अंदर फंसे बताए जा रहे हैं. बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों ने लोगों से मदद की अपील है.
मध्य अफ्रीकी गणराज्य में18 अगस्त को सोने की एक खदान अचानक ढह गई. मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा नाना-मांबेरे प्रांत के अब्बा इलाके में हुआ. इस दौरान खदान के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे. तभी अचानक खदान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया और कई खनिक उसके मलबे के नीचे दब गए.
अधिकारियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे में अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं कई अन्य मजदूरों के अभी भी खदान के अंदर फंसे होने की आशंका है.
कई घंटे की मशक्कत के बाद निकाले शव
स्थानीय उप महापौर सुलेमान बी ने बताया कि बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक अभियान चलाकर खदान से 30 शव बाहर निकाले. हादसे में घायल हुए कुछ खनिकों का इलाज भी किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, समय बीतने के साथ उनके जिंदा मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है. स्थानीय प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए संगठनों और अन्य सहायता देने वालों से मदद की अपील की है.
Also Read
मिट्टी से सने लोग चारों तरफ अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें बचाव अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खदान में काम करने वाले मजदूर दिखाई दे रहे हैं. कई लोग मिट्टी से पूरी तरह सने नजर आ रहे हैं. वीडियो में कुछ लोगों को खदान के गड्ढे से एक शव बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है. घटनास्थल पर मौजूद लोग मलबे में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और आसपास अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है.
मध्य अफ्रीकी गणराज्य में छोटे स्तर पर संचालित सोने की खदानों में इस तरह के हादसे पहले भी होते रहे हैं. देश के कई हिस्सों में हजारों लोग छोटी खदानों में सोना और दूसरी खनिज सामग्री निकालने का काम करते हैं. इन खदानों में अक्सर आधुनिक मशीनों और जरूरी सुरक्षा इंतजामों की कमी रहती है. कई जगह खनन पुराने और असुरक्षित तरीकों से किया जाता है. यही वजह है कि खदानों के धंसने या ढहने की घटनाएं मजदूरों के लिए जानलेवा साबित होती हैं. फिलहाल बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है.