'इतनी बड़ी बात नहीं है…', फ्लाइट में सो रही महिला के साथ बदसलूकी, आरोपी का चौंकाने वाला बयान
ज्यूरिख से मियामी जा रही फ्लाइट में सो रही महिला के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप में एक फ्रेंच नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला और क्या लिया गया एक्शन.
नई दिल्ली: ज्यूरिख से मियामी जा रही फ्लाइट में एक महिला यात्री के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद आरोपी फ्रेंच नागरिक को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामला सामने आने के बाद विमान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
रिपोर्ट के अनुसार 48 वर्षीय फ्रेंच नागरिक गिलाउम सेबेस्टियन रोजर मैटलर पर एक महिला यात्री से छेड़छाड़ करने का आरोप है. यह घटना 28 अप्रैल को Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX64 में हुई. आरोपी और 29 वर्षीय महिला एक-दूसरे को नहीं जानते थे और दोनों फर्स्ट क्लास केबिन में साथ बैठे थे.
क्या है पूरा मामला?
जांच एजेंसियों के मुताबिक फ्लाइट के दौरान महिला सो गई थी. इसी बीच पास बैठे दो अन्य यात्रियों ने आरोपी की हरकत देखी. आरोप है कि मैटलर महिला को बिना उसकी अनुमति के छू रहा था. एक यात्री ने इस घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और तुरंत फ्लाइट अटेंडेंट को इसकी जानकारी दी.
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी महिला के कपड़ों के अंदर हाथ डालने की कोशिश कर रहा था. फ्लाइट स्टाफ ने जब हस्तक्षेप किया तो उन्होंने आरोपी का हाथ महिला के निजी अंगों के ऊपर देखा. इसके बाद तुरंत आरोपी को महिला से अलग कर विमान के दूसरे हिस्से में बैठा दिया गया.
जांच में क्या आया सामने?
जब महिला को जगाकर घटना की जानकारी दी गई तो वह सदमे में आ गई. रिपोर्ट के मुताबिक वह कांपने लगी और रोने लगी. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने महिला को एक नोट देने की कोशिश की, जिसमें लिखा था कि वह सोते समय सुंदर लग रही थी. आरोपी यह भी स्पष्ट नहीं कर पाया कि वह महिला को पहले से जानता था या नहीं.
पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
फ्लाइट के मियामी पहुंचने के बाद अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ की. शुरुआत में उसने आरोपों से इनकार किया लेकिन गवाहों और वीडियो सबूत सामने आने के बाद उसने महिला को छूने की बात स्वीकार कर ली. उसने कथित तौर पर कहा कि उसे नहीं लगा कि यह इतनी बड़ी बात है. फिलहाल आरोपी मियामी के फेडरल डिटेंशन सेंटर में हिरासत में है. इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.