फ्रांस के हवाई अड्डे पर रोके गए 303 भारतीयों को जाने की अनुमति, मानव तस्करी के शक में रोका गया था प्लेन

फ्रांस में भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया है कि उन्हें विमान के बारे में सूचित किया गया था. फ्लाइट दुबई से निकारागुआ जा रही थी. इसमें ज्यादातर भारतीय मूल के लोग सवार थे.

Naresh Chaudhary

French Plane Case: फ्रांस के वैट्री हवाई अड्डे पर फंसे 303 भारतीयों के लिए बड़ी खुशखबरी है. फ्रांस की ओर से सभी भारतीयों को जाने की अनुमति दे दी गई है. हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि उन्हें भारत जाने के लिए कहा गया है कि या फिर जहां वे जाना चाहते थे, वहां जाने के लिए बोला गया है. न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, 303 भारतीय यात्रियों को लेकर निकारागुआ जाने वाली एक चार्टर फ्लाइट को मानव तस्करी के शक में फ्रांस के वैट्री हवाई अड्डे पर रोका गया था. 

जानकारी के मुताबिक, 303 भारतीयों को ले जा रहे विमान को फ्रांसीसी अधिकारियों की ओर से रोके जाने के 3 दिन बाद उन्हें जाने की मंजूरी मिली है. फ्रांसीसी न्यूज चैनल और रेडियो नेटवर्क बीएफएम टीवी ने कहा है कि प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण फ्रांसीसी न्यायाधीशों ने सभी यात्रियों की सुनवाई रद्द करने का फैसला किया है.

दुबई से निकारागुआ की ओर जा रही थी फ्लाइट, फ्रांस में रोकी गई थी

रोमानियाई चार्टर कंपनी लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ान गुरुवार को दुबई से रवाना हुई थी और निकारागुआ की ओर जा रही थी, जिसे पेरिस से करीब 150 किलोमीटर (95 मील) पूर्व में फ्रांस के वैट्री हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने रोका था. बताया गया है कि विमान ईंधन भरने के लिए उतरा था. मार्ने प्रीफेक्ट ऑफिस ने एक ई-मेल बयान में कहा कि तभी पुलिस ने हस्तक्षेप किय. इसके बाद यात्रियों से उनकी यात्रा के बारे में वैरिफिकेशन के लिए रविवार को 4 न्यायाधीशों ने पूछताछ की थी. 

यात्रियों में 11 नाबालिग भी शामिल थे, 10 ने शरणार्थी के लिए किया आवेदन

अभियोजकों के अनुसार 303 यात्रियों में 11 नाबालिग भी शामिल हैं. उनके हवाले से कहा गया है कि दो यात्रियों को यह पता लगाने के लिए हिरासत में लिया गया था कि क्या वे इस यात्रा कर रहे लोगों से अलग हैं? उनकी यात्रा का उद्देश्य क्या है? 

इस बीच, दस यात्रियों ने फ्रांस में शरणार्थी के लिए भी आवेदन किया है. फ्रांस में भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया है कि उन्हें विमान के बारे में सूचित किया गया था. फ्लाइट दुबई से निकारागुआ जा रही थी. इसमें ज्यादातर भारतीय मूल के लोग सवार थे. मार्ने प्रीफेक्ट ऑफिस ने पहले कहा था कि वैट्री हवाई अड्डे पर रिसेप्शन हॉल में यात्रियों को रखा गया था.