जानिए कौन हैं जाबांज पायलट स्मित मछार, जिन्होंने जान पर खेलकर बचा ली 180 यात्रियों की जान

स्मित मछार जून 2022 से फ्लाइदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वे लगभग 11 वर्षों तक मुंबई में स्पाइसजेट एयरलाइन से जुड़े थे, जहां वे वरिष्ठ कमांडर और नवंबर 2020 से लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के पद पर तैनात थे.

X/@MahalaxmiRaman
Sagar Bhardwaj

Flydubai Terror Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइदुबई (FZ1073) की उड़ान के दौरान कॉकपिट में चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल कैप्टन की पहचान भारतीय नागरिक स्मित मछार के रूप में हुई है. घटना के बाद बोइंग 737 मैक्स 8 विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबूक शहर में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. इसके बाद कैप्टन मछार और को-पायलट को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

कौन हैं भारतीय नागरिक स्मित मछार

स्मित मछार जून 2022 से फ्लाइदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वे लगभग 11 वर्षों तक मुंबई में स्पाइसजेट एयरलाइन से जुड़े थे, जहां वे वरिष्ठ कमांडर और नवंबर 2020 से लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के पद पर तैनात थे. उन्हें बोइंग 737-800 और 737 मैक्स 8 व 9 विमान उड़ाने का 9,750 से अधिक उड़ानों का लंबा और व्यापक अनुभव है.

37 सेकंड में 14,300 फीट नीचे गिरा विमान

तबूक हवाई अड्डे के अनुसार, उन्हें सुबह 8:44 बजे आपातकालीन कॉल मिली, जिसके लगभग एक घंटे बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई. फ़्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि कॉकपिट में हमले के दौरान विमान केवल 37 सेकंड में लगभग 14,300 फीट नीचे गिर गया था. इसके तुरंत बाद ट्रांसपोंडर के जरिए अवैध हस्तक्षेप (गड़बड़ी) का सिग्नल भेजा गया.


क्रू और यात्रियों की मदद से सुरक्षित लैंडिंग

फ्लाइदुबई के अनुसार, विमान में यात्रा कर रहे ऑन-ड्यूटी और ऑफ-ड्यूटी क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति पर काबू पाया और विमान को तबूक में सुरक्षित उतारा. इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस घटना को जिहादी आतंकी हमला करार देते हुए कॉकपिट में घुसकर हमलावर को काबू करने वाले इजरायली यात्रियों और विमान सुरक्षित उतारने वाले क्रू के साहस की सराहना की. फिलहाल मामले की औपचारिक जांच जारी है.