कनाडा में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर फायरिंग, अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसी
गोली चलने की सूचना मिलते ही टोरंटो पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई. अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की. पुलिस ने संभावित सबूत जुटाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
नई दिल्ली: कनाडा के टोरंटो शहर में मंगलवार तड़के अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर गोली चलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया. रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 5.29 बजे पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई.
शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल के पास हथियार चलाए जाने के सबूत मिले हैं. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या इमारत को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई.
घटना के बाद तुरंत कार्रवाई
गोली चलने की सूचना मिलते ही टोरंटो पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई. अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की. पुलिस ने संभावित सबूत जुटाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हुई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो पाई है. गोली चलाने वाले व्यक्ति के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना के पीछे किसी तरह की साजिश या खास मकसद तो नहीं था.
ओस्लो हमले के बाद बढ़ी चिंता
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में यूरोप में अमेरिकी दूतावास पर हमला हुआ था. 8 मार्च को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के बाहर एक आईईडी विस्फोट हुआ था, जिससे मामूली नुकसान हुआ लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ.
संदिग्ध की तलाश जारी
नॉर्वे की पुलिस ने सोमवार को एक संदिग्ध की निगरानी कैमरे से ली गई तस्वीरें जारी की थी. तस्वीरों में एक व्यक्ति गहरे रंग के कपड़े पहने और बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है. हालांकि, फुटेज साफ नहीं होने के कारण उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा.
क्या दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी है?
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि टोरंटो में हुई गोलीबारी और ओस्लो के विस्फोट के बीच कोई संबंध है या नहीं. सुरक्षा एजेंसियां दोनों मामलों पर नजर रखे हुए हैं. जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की असली वजह सामने आ सकेगी.
और पढ़ें
- भारत आयातित LPG पर कितना निर्भर है, मिडिल ईस्ट में तनाव से देश में कितना बड़ा तेल-गैस संकट?
- यूएई की सबसे बड़ी रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला, प्रोडक्शन हुआ बंद, दुनियाभर में और गहरा सकता है तेल संकट
- अमेरिका के मिसाइल हमले में मारी गईं ईरान के स्कूल में 100 छात्राएं? जानें रिपोर्टर के सवाल पर क्या बोले ट्रंप?